#Social

Delhi Heavy Rain: दिल्ली में अभी और बारिश के आसार, इमारत गिरने से एक की मौत, तीन घायल


नयी दिल्ली, 1 अगस्त : मौसम विभाग ने दिल्ली में बृहस्पतिवार को और बारिश की आशंका जताई है. एक दिन पहले भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलजमाव हो गया था और वर्षाजनित घटनाओं में 27 इमारतें ढहने के साथ एक व्यक्ति की मौत जबकि तीन लोग घायल हो गए थे. आंकड़ों के अनुसार बुधवार रात 12 बजे तक दिल्ली पुलिस को इमारतें गिरने के संबंध में 26 फोन आए और बृहस्पतिवार सुबह सात बजे एक और घटना की सूचना मिली. सब्जी मंडी इलाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई. शास्त्री पार्क में दो और सैन्य कॉलोनी में एक कुल तीन लोग घायल हो गए. आंकड़ों के अनुसार रात 12 बजे तक यातायात बाधित होने से जुड़ी 2,727 और जलभराव की 119 सूचना मिलीं. सुबह सात बजे तक यातायात बाधित की 218 और जलभराव की आठ सूचनाएं मिलीं. इस दौरान पुलिस को पेड़ गिरने की 50 सूचनाएं भी मिलीं.

आईटीओ, राजघाट, मदर डेयरी, गणेश नगर और पटपड़गंज रोड समेत कई इलाकों की सड़कें बृहस्पतिवार की सुबह भी जलमग्न रहीं. बुधवार को गाजीपुर में 22 वर्षीय महिला और उसका तीन वर्षीय बेटा जलभराव के कारण फिसलकर नाले में डूब गए. यह घटना खोड़ा कॉलोनी इलाके के पास सड़क के किनारे निर्माणाधीन नाले में हुई. दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने बुधवार देर रात घोषणा की कि बृहस्पतिवार को शहर के सभी स्कूल बंद रहेंगे. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है. सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षित आर्द्रता का स्तर 97 प्रतिशत था. यह भी पढ़ें : Karnataka Land Scam: ‘भूमि घोटाले’ पर राज्यपाल के नोटिस के बाद सीएम सिद्दारमैया ने मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई

आईएमडी के अनुसार, पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार क्षेत्र के सलवान स्टेशन पर बुधवार को सुबह साढ़े आठ बजे से बृहस्पतिवार को सात बज कर 15 मिनट तक 147.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. नजफगढ़ स्टेशन ने 113 मिलीमीटर बारिश दर्ज की और लोधी रोड, दिल्ली विश्वविद्यालय तथा सफदरजंग वेधशालाओं में क्रमशः 107.5 मिमी, 104.5 मिमी और 105.6 मिमी बारिश दर्ज की गयी. दिल्ली लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया बृहस्पतिवार को सुबह छह बजे तक जलभराव की 90 सूचनाएं और पेड़ गिरने की 20 सूचनाएं मिलीं. दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यात्रियों से मुंडका जाने से बचने को कहा है. इस इलाके में भारी जलभराव है. इसमें कहा गया है, ‘‘मुंडका में सड़क पर भारी जलभराव और गड्ढों के कारण नांगलोई से टिकरी बॉर्डर की ओर और इसके विपरीत रोहतक रोड पर यातायात प्रभावित है….’’ केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह 10 बजे दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 63 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है. शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है.




Related Articles

Back to top button