inh24खेल जगत

आईपीएल में खत्म हो सकता है DRS, शुरु हो सकता है SRS, जानिए क्या है SRS

आईपीएल 2024 के आगाज से पहले नियमों में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। बताया जा रहा है कि आईपीएल 2024 में डिसीजन रिव्यू सिस्टम को खत्म कर दिया जाएगा। इसकी जगह निर्णय लेने के लिए नया सिस्टम लाया जाएगा।

इस नए सिस्टम का नाम है स्मार्ट रिव्यू सिस्टम। यह डीआरएस का काफी अपडेटेड वर्जन है। इस सिस्टम के आने से अंपायर को सही डिसीजन लेने में काफी मदद मिलेगी। यह दावा ईएसपीएन की रिपोर्ट में किया जा रहा है कि आईपीएल 2024 में डीआरएस को बदलकर एसआरएस कर दिया जाएगा। चलिए समझते हैं इस सिस्टम को लाने की जरूरत क्यों पड़ी और यह सिस्टम कैसे काम करेगा।

रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि स्मार्ट रिव्यू सिस्टम से अधिक सटीक फैसले लिए जा सकेंगे, जो डीआरएस में संभव नहीं हो पा रहा है। इसके लिए एक स्मार्ट रिप्ले सिस्टम तैयार किया जाएगा। इस नए सिस्टम से फैसला आने में अधिक देरी नहीं होगी। इस सिस्टम के आने के बाद किसी एक घटना को कई अलग-अलग एंगल से दिखाया जाएगा, इसके अलावा इसमें कई विभाजित स्क्रीन भी दिखाए जाएंगे। बताया जा रहा है कि स्मार्ट रिप्ले सिस्टम के तहत टीवी अंपायर हॉक-आई ऑपरेटरों से सीधे इनपुट प्राप्त कर सकेगा। इसके लिए कोई मीडिएटर नहीं बनेगा। इसके लिए पूरे स्टेडियम में कुल 8 कैमरे अलग से लगाए जाएंगे, जो खास तौर पर स्मार्ट रिव्यू सिस्टम पर काम करेगा।

पहले के डिसीजन रिव्यू सिस्टम में टीवी निदेशक तीसरे अंपायर और हॉक-आई ऑपरेटर के बीच संचार का काम करता था। लेकिन स्मार्ट रिव्यू सिस्टम में ऐसा नहीं होगा। इसमें टीवी निदेशक का कोई काम नहीं होगा। रिपोर्ट में यह भी दावा किया जा रहा है कि बीसीसीआई ने स्मार्ट रिव्यू सिस्टम के मद्देनजर भारत और विदेशों के मिलाकर कुल 15 अंपायरों के साथ 2 दिनों का वर्कशॉप का आयोजन किया था। इसको लेकर अभी तक बीसीसीआई की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है, लेकिन उम्मीद है कि आईपीएल 2024 के आगाज से पहले बीसीसीआई यह ऐलान कर देगा। अगर ऐसा होता है तो फैसले अधिक सटिक लिए जा सकेंगे।

Related Articles

Back to top button