पुलिस नक्सली मुठभेड़ : लाख रुपए के दो इनामी नक्सली मारे गए, सामान भी हुवा बरामद
दंतेवाड़ा – छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में मंगलवार सुबह छत्तीसगढ़ आम्र्ड फोर्स (सीएएफ ) कैंप के पास डीआरजी जवानों, पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर निकले जवानों पर घात लगाए नक्सलियों ने हमला कर दिया। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। इस मुठभेड़ में दो इनामी नक्सली मारे गए। मारे गए नक्सलियों के शव जवानों ने बरामद कर लिए हैं। अन्य नक्सली जान बचाकर भाग निकले। जवानों ने मौके से हथियार सहित अन्य सामान बरामद किया है।
बता दें कि कटेकल्याण क्षेत्र का चितपाल इलाका धुर नक्सल प्रभावित है। नक्सलियों को रोकने के लिए और उनके खात्मे को लेकर 15 दिन पहले ही छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (सीएएफ ) का कैंप खोला गया है उनके साथ ही डीआरजी के जवान भी शामिल हैं।
इस बीच मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे सूचना मिली कि कैंप से करीब 3-4 किमी आगे नक्सलियों की मौजूदगी है। इस पर डीआरजी और पुलिस के जवान सर्चिंग के लिए निकले। चितपाल के जंगलों मेंं जवानों को देख नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस पर जवानों ने भी कार्रवाई करते हुए जवाबी फायरिंग की। करीब 15 मिनट चली मुठभेड़ में दो नक्सली मौके पर मारे गए। जवानों को भारी पड़ता देख बाकी नक्सली भाग निकले।
बताया जा रहा है कि मारे गए नक्सलियों में एक-एक लाख रुपए के इनामी प्लाटून कमांडर हुंगा मंडावी और हिडमा मंडावी शामिल हैं। शवों के पास से ही जवानों को हथियार, खाने पीने का सामान, नक्सली साहित्य और अन्य सामान बरामद हुआ है। नक्सलियों का शव लेकर जवान लौट रहे हैं। उनके आने के बाद ही आगे की जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।




