उत्तर प्रदेश

गाड़ी में बैठा दूल्हा दुल्हन को देख फ़ायरिंग करता हुआ आया नज़र, अब ढूंढ रही पुलिस


मेरठ। सुप्रीम कोर्ट ने हर्ष फायरिंग पर रोक लगा रखी है, हर्ष फायरिंग करने वाले पर कड़ी कार्रवाई का प्रावधान भी है लेकिन कठोर नियम के बाद भी लोग हर्ष फायरिंग से बाज नहीं आ रहे हैं। कभी दबंग, तो कभी रसूखदार लोग हर्ष फायरिंग करके अपने रुतबे को दिखाना चाहते हैं और उनके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाते हैं।

हर्ष फायरिंग वाले ये भूल जाते हैं कि इस तरह की फायरिंग करना कानूनी तौर पर बैन है, वहीं अति उत्साह या रौब गालिब करने के लिए हुई हर्ष फायरिंग में मौत भी हो जाती है और खुशियां पलभर में मातम में तब्दील हो जाती है।

यूपी के सभी जिलों में हर्ष फायरिंग को लेकर प्रशासन सख्त है, लेकिन उसके बावजूद शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के आए दिन वीडियो सामने आते रहते हैं।

मामला मेरठ जिले की मवाना तहसील क्षेत्र का है, जहां खुली कार के अंदर बैठे दूल्हा-दुल्हन हर्ष फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में लाल रंग की खुली कार में एक प्रतिष्ठित परिवार का दूल्हा बैठा है और उसने दुल्हन का हाथ थामकर कार के अंदर से 3 सेकंड में 4 राउंड फायरिंग की है। रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग करके इस वैवाहिक जोड़े ने अपनी खुशी का इजहार किया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस एक्टिव हो गई और इस वैवाहिक जोड़े के खिलाफ पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

हर्ष फायरिंग का यह वीडियो 26 मई 2022 का है। मवाना के रहने वाले एक धनाढ्य परिवार में नई नवेली दुल्हन ओपन कार में बैठकर ससुराल आई। कार के आगे ढोल बज रहे हैं, पीछे लाल रंग की गाड़ी में दूल्हा-दुल्हन बैठे हैं। जैसे ही घर के पास कार पहुंचती है तो दूल्हे ने कार में बैठी दुल्हन का हाथ पकड़कर एक के बाद एक 4 राउंड फायरिंग कर दी। दुल्हन हर्ष फायरिंग के बाद मुस्कुराती नजर आ रही है, वहीं दूल्हा गाड़ी का स्टेयरिंग संभालकर आगे बढ़ जाता है। वायरल वीडियो को प्रोफेशनल फोटोग्राफर शूट करते नजर आ रहे हैं।

दुल्हन की इस धमाकेदार एंट्री को देखकर मोहल्ले वाले दंग रह गए। इस एंट्री को देखने के लिए आसपास के लोग घर से बाहर निकल आए और इस दृश्य को मोबाइल में कैद कर लिया। दूल्हा-दुल्हन की फायरिंग का वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया में ट्रेंड करने लगा। पुलिस ने वीडियो पर संज्ञान लेकर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज करके नव दंपति की तलाश शुरू कर दी है।

Source by ANI_HindiNews

लेटेस्ट ब्रेकिंग न्यूज, वायरल ट्रेंड और सोशल मीडिया की दुनिया से जुड़ी सभी खबरें. आपको ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर वायरल होने वाले हर कंटेंट की सीधी जानकारी उपलब्ध करायी जाएगी. ऊपर दिखाया गया पोस्ट अनएडिटेड कंटेंट है, जिसे सीधे सोशल मीडिया यूजर्स के अकाउंट से लिया गया है. Cgtop36 स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है. सोशल मीडिया पोस्ट Cgtop36 के विचारों और भावनाओं का प्रतिनिधित्व नहीं करता है, हम इस पोस्ट में मौजूद किसी भी कंटेंट के लिए कोई जिम्मेदारी या दायित्व स्वीकार नहीं करते हैं.



Related Articles

Back to top button