मुख्यमंत्री को पसंद आई स्वामी आत्मानंद स्कूल की महिला पालक की सलाह, बडाँजी में किसान के घर खाया खाना – cgtop36.com

आम तौर पर स्थानीय जनता मुख्यमंत्री के पास या तो अपनी समस्याएं गिनाती है या फिर योजनाओं से मिले लाभ की बात करती है। ऐसा कम ही होता है कि जब स्थानीय जनता में से कोई मुख्यमंत्री को शासन की किसी योजना को बेहतर करने की सलाह दे। लेकिन उससे भी बड़ी बात ये है कि ऐसी सलाह पर मुख्यमंत्री तत्काल अमल करने का आदेश दे दें। दरअसल बात चित्रकोट विधानसभा के बड़े किलेपाल गांव की है।
मुख्यमंत्री बधेल भेंट मुलाकात कार्यक्रम में आम जनता से शासन की योजनाओं की जानकारी ले रहे थे। इस बीच चंद्रिका ठाकुर नाम की महिला ने मुख्यमंत्री को ये बताया कि उसके दोनों बच्चे स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ते हैं। महिला ने मुख्यमंत्री से कहा कि स्कूल काफी दूर है और बच्चों के पिता के काम की वजह से बाहर रहने पर स्कूल छोड़ने की व्यवस्था ना होने से बच्चे स्कूल नहीं जा पाते हैं।
चंद्रिका ने मुख्यमंत्री को ये सुझाव दिया कि स्वामी आत्मानंद स्कूलों के साथ ही वहां पर स्कूली छात्रों के लिए हास्टल भी बनने चाहिए ताकि दूर दराज से आने वाले बच्चों को रहने के लिए जगह मिल जाए। चंद्रिका ने मुख्यमंत्री से ये भी कहा कि यदि हास्टल नहीं बन सकता तो आत्मानंद स्कूल से स्कूल बस की शुरूआत करा दीजिए ताकि बच्चों को स्कूल आने जाने मे आसानी हो सके।
महिला की बातों को सुनकर मुख्यमंत्री ने उसकी तारीफ की और एक बेहतर सुझाव देने के लिए उसे धन्यवाद भी दिया। मुख्यमंत्री ने तुरंत ही इस सलाह पर अमल करने की बात करते हुए स्कूलों के साथ हास्टल निर्माण करने का वायदा किया और अगले बजट में इस प्रस्ताव को शामिल कराने की बात कही। मुख्यमंत्री के इस वायदे पर चंद्रिका ठाकुर ने बच्चों के भविष्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
मेरी जीवन भर की पूंजी भाभी के इलाज में खर्च हो जाती, यदि आपकी सहायता नहीं मिलती मुख्यमंत्री जी
कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज आर्थिक रूप से कमजोर तबके के लिए असंभव जैसा था। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने गंभीर बीमारियों से लोगों को इलाज की सुविधा देने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना आरंभ की, इसका लाभ शहरी क्षेत्र ही नहीं, सुदूर वनांचल में भी लोग उठा रहे हैं। आज भेंट मुलाकात के दौरान बड़े किलेपाल की ललिता वट्टी ने अपना संतोष मुख्यमंत्री से साझा किया।
ललिता ने बताया कि उनकी भाभी को स्तन कैंसर का पता लगा। शुरू में हमें लगा कि कैसे करें। फिर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में पता लगा कि मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना तो गंभीर बीमारियों से लोगों के इलाज के लिए ही बनाई गई है। इसमें 20 लाख रुपए तक की सहायता मिल सकती है। मैंने इसमें आवेदन दिया और डेढ़ लाख रुपए से मेरी भाभी का इलाज हो गया।
मुख्यमंत्री ने इस पर खुशी जताते हुए कहा कि स्वास्थ्य हमारी सबसे प्राथमिकता का क्षेत्र है और इसीलिए हमने अस्पतालों को मजबूत करने की दिशा में और सस्ते इलाज की दिशा में निर्णय लिये हैं। हाट बाजारों में मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से लोगों का इलाज किया जा रहा है। इससे यह लाभ हुआ है कि आरंभिक स्तर पर ही बीमारियों के चिन्हांकन में मदद मिल रही है।
आज चित्रकोट के बडाँजी में किसान श्री पूरन जी के घर पर हम सबने स्वादिष्ट भोजन किया। #BhupeshTuharDwar pic.twitter.com/WLHV3hXlx7
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) May 24, 2022
लेटेस्ट ब्रेकिंग न्यूज, वायरल ट्रेंड और सोशल मीडिया की दुनिया से जुड़ी सभी खबरें. आपको ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर वायरल होने वाले हर कंटेंट की सीधी जानकारी उपलब्ध करायी जाएगी. ऊपर दिखाया गया पोस्ट अनएडिटेड कंटेंट है, जिसे सीधे सोशल मीडिया यूजर्स के अकाउंट से लिया गया है. Cgtop36 स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है. सोशल मीडिया पोस्ट Cgtop36 के विचारों और भावनाओं का प्रतिनिधित्व नहीं करता है, हम इस पोस्ट में मौजूद किसी भी कंटेंट के लिए कोई जिम्मेदारी या दायित्व स्वीकार नहीं करते हैं.





