पेड़ से लटकता मिला युवक का शव तो नाबालिग लड़की मिली गन्ने के खेत में मृत, प्रेम प्रसंग में हत्या या आत्महत्या, जांच जारी |

रामपुर के बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग प्रेमी जोड़े की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश बरामद हुई है। पुलिस ने लड़की का शव जहां गन्ने के खेत से बरामद किया है तो वहीं थोड़ी ही दूरी पर लड़के का शव पेड़ पर लटका हुआ था। फिलहाल पुलिस मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया रहा जा रहा है।
पूरा मामला रामपुर जिले के कोतवाली बिलासपुर क्षेत्र के गांव मनिहार खेड़ा का है। सोमवार की शाम कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि गांव के निकट जंगल में गांव निवासी एक किशोरी तथा किशोर का शव मिला है। किशोरी का शव गन्ने के खेत में मौजूद है। जबकि किशोर का शव कुछ ही दूरी पर पेड़ पर लटका हुआ है।
स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर सीओ अरुण कुमार सिंह और प्रभारी निरीक्षक नवाब सिंह भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने नाबालिग के शव को कब्जे में लेकर किशोर के शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। इसके बाद दोनों की शिनाख्त करवाने का प्रयास किया।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दोनों मृतकों के शवों की शिनाख्त की। ग्रामीणों के अनुसार मृतक किशोर राजवीर 17 वर्षीय पुत्र रामनाथ है। जबकि किशोरी पिंकी 15 वर्षीय पुत्री प्रेमपाल के रूप में शिनाख्त की गई। दोनों का शव देख घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गई। पुलिस ने दोनों शवों में कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



