इंग्लैंड की पारी समाप्त, दिया न्यूजीलैंड को इतना बड़ा लक्ष्य |

आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप का आगाज आज से हो गया हैं. वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीम आपस में भीड़ रहीं हैं. इस मैच का आयोजन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में किया जा रहा है. ये दोनों टीमें 2019 के फाइनल में एक दूसरे से टकराई थी जिसमें रोमांच की सारी हदें पार हो गई थी. ऐसे में फैंस को उम्मीद होगी कि मैच में कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी. इस बीच न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया हैं.
न्यूजीलैंड ने नियमित अंतराल में विकेट लेकर गत चैंपियन इंग्लैंड को एकदिवसीय विश्व कप के उद्घाटन मैच में गुरुवार को यहां 9 विकेट पर 282 रन ही बनाने दिए. यहां की गर्म और उमस भरी परिस्थितियों में न्यूजीलैंड के स्पिनरों ने अच्छा प्रदर्शन किया और इंग्लैंड के बल्लेबाजों के आक्रामक तेवरों पर अंकुश लगाए रखा.
न्यूजीलैंड के कामचलाऊ स्पिनर ग्लेन फिलिप्स ने तीन ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिए जिनमें इंग्लैंड की तरफ से सर्वाधिक 77 रन बनाने वाले जो रूट और ऑलराउंडर मोईन अली (11) जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. मिशेल सेंटनर ने 10 ओवर में 37 रन देकर दो और मैट हेनरी ने 48 रन देकर तीन विकेट लिए.
विश्व कप 2023 का पहला रन छक्के के रूप में आया जो जॉनी बेयरस्टो (35 गेंद पर 33 रन) ने ट्रेंट बोल्ट पर बैकवर्ड स्क्वायर लेग क्षेत्र में लगाया. इसके बाद उन्होंने चौका जड़ा और इस तरह से पहले ओवर में 12 रन जुटाए लेकिन इसके बाद परिस्थितियां बदलने में समय नहीं लगा.
हेनरी ने डेविड मालन (14) को शुरू से ही परेशान किया और आखिर में उन्होंने इस बल्लेबाज को विकेट के पीछे कैच कराकर न्यूजीलैंड को पहली सफलता दिलाई. उसे दूसरा विकेट हासिल करने में ज्यादा समय नहीं लगा. सेंटनर ने बेयरस्टो को सीमा रेखा पर डेरेल मिचेल के हाथों कैच करा कर उनकी आक्रामकता पर विराम लगाया.
हैरी ब्रूक ने 16 गेंद पर 25 रन की तूफानी पारी खेली. उन्होंने रचित रविंद्र पर दो चौके और एक छक्का लगाया लेकिन बाएं हाथ के इस स्पिनर पर एक और लंबा शॉट खेलने के प्रयास में उन्होंने डेवोन कॉनवे को कैच थमा दिया.
ऐसे समय में फिलिप्स को गेंद सौंपने का फैसला सही साबित हुआ और उन्होंने मोईन अली को ज्यादा देर तक नहीं टिकने दिया. इस तरह से बेन स्टोक्स की अनुपस्थिति में मोइन को ऊपर भेजने का फैसला सही साबित नहीं हुआ.
इसके बाद रूट और कप्तान जोस बटलर (42 गेंद में 43 रन, दो चौके, दो छक्के) ने पांचवें विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी की जिससे इंग्लैंड की बड़ा स्कोर बनाने की उम्मीदें जगी लेकिन हेनरी ने अपने दूसरे स्पेल में इंग्लैंड के कप्तान को विकेट के पीछे कैच करा कर पवेलियन भेज दिया. पिछले चार वर्षों में बहुत अधिक वनडे मैच नहीं खेलने के बावजूद रूट ने एक छोर संभाले रखा और इस प्रारूप में अपना 36वां अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने फिलिप्स पर रिवर्स स्वीप लगाने के प्रयास में अपना विकेट इनाम में दिया. रूट ने अपनी 86 गेंद की पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया.
New Zealand have won the toss and they’ve decided to bowl first against England.
– The World Cup is here…!!! pic.twitter.com/W3UocrDiTC
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) October 5, 2023
लेटेस्ट ब्रेकिंग न्यूज, वायरल ट्रेंड और सोशल मीडिया की दुनिया से जुड़ी सभी खबरें. आपको ट्विटर, इंस्टाग्राम, इंटरनेट और यूट्यूब पर वायरल होने वाले हर कंटेंट की सीधी जानकारी उपलब्ध करायी जाएगी. ऊपर दिखाया गया पोस्ट अनएडिटेड कंटेंट है, जिसे सीधे सोशल मीडिया यूजर्स के अकाउंट से लिया गया है. Cgtop36 स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है. सोशल मीडिया पोस्ट Cgtop36 के विचारों और भावनाओं का प्रतिनिधित्व नहीं करता है, हम इस पोस्ट में मौजूद किसी भी कंटेंट के लिए कोई जिम्मेदारी या दायित्व स्वीकार नहीं करते हैं.




