
नई दिल्ली। भारत में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें संस्करण के दौरान रोमांच अपने चरम पर है। अब तक कुल 41 मुकाबले खेले जा चुके हैं। सारे एक से बढ़कर सांसे रोक देने वाले मैच रहे हैं। फिलहाल आईपीएल 2024 (IPL 2024) में टॉप पर राजस्थान रॉयल्स की टीम काबिज है। उनके अब कुल 14 अंक हैं। साथ ही टूर्नामेंट में अभी भी खिलाड़ियों का बाहर होना, व नए खिलाड़ियों का आना जारी है। अब दिल्ली कैपिटल्स की टीम से बदलाव की खबर सामने आ रही है। आइए विस्तार से जानते हैं।
आईपीएल 2024 के बीच दिल्ली कैपिटल्स को उस समय करारा झटका लगा, जब टीम के धाकड़ प्लेयर मिचेल मार्श ने इस टीम का साथ छोड़ दिया। दरअसल वह चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए। उन्होंने इस सीजन दिल्ली की ओर से 4 मैच खेले थे। इसमें उन्होंने 61 रन बनाने के अलावा एक विकेट हासिल किए। उनके बाहर होने के बाद इस फ्रेंचाइजी ने रिप्लेसमेंट का भी ऐलान कर दिया। मार्श की जगह अफगानिस्तान के गेंदबाजी ऑलराउंडर गुलबदिन नईब को स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
दिल्ली कैपिटल्स ने मिचेल मार्श के स्थान पर गुलबदिन नईब को रिप्लेसमेंट के तौर पर अपने खेमे का हिस्सा बनाया है। बता दें कि पिछले साल के आखिर में आईपीएल 2024 (IPL 2024) को लेकर हुए ऑक्शन में यह अफगानी खिलाड़ी नहीं बिके थे। उनका बेस प्राइस 50 लाख रुपये था। वह इसी कीमत पर दिल्ली में शामिल हुए हैं। उनके क्रिकेटर करियर पर नजर डालें तो इस 32 वर्षीय ऑलराउंडर ने अफगानिस्तान की ओर से 82 वनडे और 65 टी20 खेले हैं। वनडे में उनके नाम 1231 रन व 73 विकेट है। वहीं टी20 में उन्होंने 807 रन बनाने के अलावा 26 विकेट लिए हैं।
ऋषभ पंत की अगुवाई वाली दिल्ली कैपिटल्स इस समय अंक तालिका में छठे पायदान पर मौजूद है। उनके 9 मैचों में 4 जीत और 5 हार सहित कुल 8 अंक है। फिलहाल उनकी जद्दोजहद टॉप-4 में पहुंचने की चल रही है। इस टीम का अगला मैच अब मुंबई इंडियंस के खिलाफ होगा। अरुण जेटली स्टेडियम इस मैच को आयोजित करेगा। घरेलू मैदान होने के चलते दिल्ली की टीम को अतिरिक्त लाभ मिल सकता है। हालांकि वह मुंबई की टीम को कम आंकने की भूल कतई नहीं करेंगे।