खेल जगत

नेपाल की पारी समाप्त, टीम इंडिया के सामने 231 रन का टारगेट |


IND vs NEP : भारत और नेपाल के बीच आज एशिया कप 2023 में मुकाबला खेला जा रहा. टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. नेपाल ने बनाए 230 रन और नेपाल ने भारत को 231 रन का लक्ष्य दिया है। इस नौसिखिये टीम को ऑलआउट करने में भारत को 48.2 ओवर लग गए। नेपाल की टीम ने भारतीय गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिए और 230 रन बनाए। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा और रवींद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, नेपाल के लिए आसिफ शेख ने 58 रन और सोमपाल कामी ने 48 रन की बेहतरीन पारी खेली। भारतीय गेंदबाजों के इस प्रदर्शन को देखते हुए वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की जीत की संभावना पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कुशाल भुर्तेल और आसिफ शेख ने नेपाल की टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। भारतीय टीम की फील्डिंग बेहद निराशाजनक रही। शुरुआती कुछ ओवरों में श्रेयस अय्यर, विराट कोहली और ईशान किशन ने तीन आसान कैच छोड़े। इसका फायदा उठाकर कुशाल और आसिफ ने पहले विकेट के लिए 65 रन जोड़े। इस साझेदारी को शार्दुल ठाकुर ने तोड़ा। उन्होंने कुशाल को विकेटकीपर ईशान के हाथों कैच कराया। कुशाल 25 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 38 रन बना सके।

इसके बाद रवींद्र जडेजा ने भीम शार्की (7), कप्तान रोहित पौडेल (5) और कुशाल मल्ला (2) को पवेलियन भेजा। इसके बाद आसिफ ने गुलशन झा के साथ 31 रन की साझेदारी निभाई। इस बीच आसिफ ने अर्धशतक पूरा किया। वह 97 गेंदों पर आठ चौके की मदद से 58 रन बनाकर सिराज की गेंद पर कैच आउट हुए। गुलशन को भी सिराज ने विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया। इसके बाद दीपेंद्र सिंह एयरी और सोमपाल कामी ने सातवें विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी निभाई। दीपेंद्र को हार्दिक ने एल्बीडब्ल्यू किया। वह 25 गेंदों में तीन चौके की मदद से 29 रन बना सके।

सोमपाल ने दूसरे छोर से रन बनाना जारी रखा और कुछ शानदार शॉट्स लगाए। सोमपाल 56 गेंदों में एक चौके और दो छक्के की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुए। संदीप लमिछाने नौ रन बनाकर रन आउट हुए। वहीं, सिराज ने ललित राजबंशी को बोल्ड कर नेपाल की पारी को 230 रन पर समेट दिया। सबसे बड़ी बात यह है कि नेपाल जैसी टीम को आउट करने में भारतीय गेंदबाज जूझते दिखे। ऐसे में मजबूत टीमों के खिलाफ इस गेंदबाजी लाइन अप के साथ उतरने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिराज और जडेजा के अलावा शमी, हार्दिक और शार्दुल को एक-एक विकेट मिला। सिराज ने तीन विकेट जरूर लिए, लेकिन उन्होंने 9.2 ओवर में 61 रन लुटाए। शार्दुल को चार ओवर में 26 रन पड़े।



Related Articles

Back to top button