खेल जगत

बांग्लादेश ने भारत को 6 रन से हराया, शुभमन गिल का शतक बेकार, इस एशिया कप में भारत की पहली हार |


एशिया कप 2023 के फाइनल से पहले भारतीय क्रिकेट टीम की टूर्नामेंट में पहली बार हार का सामना करना पड़ा है. सुपर-4 के अपने आखिरी मैच में टीम इंडिया को बांग्लादेश के हाथों 6 रन से हार मिली.

शुभमन गिल का दमदार शतक भी टीम इंडिया को इस हार से नहीं बचा सका. बदलावों के साथ इस मैच में उतरी टीम इंडिया की बैटिंग इस मैच में बुरी तरह फेल रही और बांग्लादेश से मिले 266 रनों के लक्ष्य के जवाब में 259 रन ही बना सकी. एशिया कप के इतिहास में बांग्लादेश ने भारत को सिर्फ दूसरी बार ही हराया. इतना ही नहीं, टीम इंडिया के हाथ से वनडे रैंकिंग में पहला स्थान हासिल करने का मौका भी फिसल गया.

एशिया कप से पहले ही बाहर हो चुकी बांग्लादेश ने इस मैच के लिए अपने कुछ प्रमुख खिलाड़ियों को आराम दिया था, जबकि फाइनल में पहुंच चुकी टीम इंडिया ने भी 5 बदलाव किये थे. पहली बार इस टूर्नामेंट में सूर्यकुमार यादव और प्रसिद्ध कृष्णा को मौका दिया गया, जबकि युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने अपना वनडे डेब्यू किया. उधर बांग्लादेश की ओर से भी तंजीम हसन साकिब ने भी अपना डेब्यू किया. इनमें से सबसे ज्यादा असर डाला 20 साल के बांग्लादेशी गेंदबाज ने, पहले बल्ले से और फिर गेंद से.

शाकिब-तौहीद का दमदार प्रदर्शन

तंजीम का इस मैच में असर काफी अहम रहा लेकिन उससे पहले बांग्लादेश के लिए कप्तान शाकिब अल हसन और तौहीद हृदॉय ने दमदार अर्धशतक जमाए. इन दोनों की पारियों और साझेदारी से पहले बांग्लादेशी बल्लेबाजों ने निराश किया. मोहम्मद शमी और शार्दुल ठाकुर ने बांग्लादेश के टॉप ऑर्डर को सस्ते में निपटा दिया था. 14 ओवरों के अंदर ही 4 विकेट गिर गए थे, जबकि स्कोर 59 रन था.

यहां से कप्तान शाकिब का जलवा देखने को मिला, जिन्होंने भारतीय स्पिनरों पर अटैक किया. वहीं युवा बल्लेबाज हृदॉय ने भी हमलावर रवैया अपनाया. दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 101 रनों की साझेदारी शुरू हुई, जिसने बांग्लादेश की वापसी कराई. इसके बाद निचले क्रम में नसुम अहमद, मेहदी हसन और तंजीम ने मिलकर 87 रन जोड़े. इनके दम पर बांग्लादेश ने 8 विकेट पर 265 रन बनाए.



Related Articles

Back to top button