निसर्ग चक्रवात आज टकराएगा तट से, तीनो सेना अलर्ट पर, जानिए कैसी है तैयारी
निसर्ग चक्रवात के आज तट से टकराने के खतरे को देखते हुए महाराष्ट्र्र और गुजरात ने इस भीषण आपदा से मुकाबले के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के दलों को मुस्तैदी से तैनात कर दिया है और जिन क्षेत्रों के चक्रवात से प्रभावित होने की आशंका है वहां से लोगों को सुरक्षित निकाला जा रहा है।
आपको बता दें कि कोविड-19 महामारी के संकट से पहले से जूझ रहे दोनों राज्यों ने चक्रवात से मुकाबले के लिए कमर कस ली है। कहा जा रहा है कि निसर्ग चक्रवात आज मुंबई के पास तट से टकराने वाला है।
पीएम मोदी ने इन दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत कर उन्हें केंद्र द्वारा हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को बताया कि अगले 12 घंटे में निसर्ग चक्रवात के “गंभीर चक्रवाती तूफान” का रूप लेने की आशंका है और यह बुधवार (3 जून) दोपहर को महाराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के तट को पार कर जाएगा।
इसी के साथ ही मुंबई के मौसम विज्ञान विभाग के उप महानिदेशक के एस होसलिकर ने ट्वीट कर बताया कि चक्रवाती तूफान उत्तरी महाराष्ट्र और हरिहरेश्वर और दमन के बीच अलीबाग के पास दक्षिण गुजरात के तट को तीन जून को पार करेगा और हवा की गति 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी।
चक्रवाती तूफान को देखते हुए लोगों को बचाकर निकालने के वास्ते राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के 10 दलों को राज्य के तटवर्ती क्षेत्रों में तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से ट्विटर पर एक चित्र के माध्यम से कहा गया, “एनडीआरएफ के 16 दलों में से 10 को चक्रवात के दौरान बचाव अभियान के लिए तैनात किया गया है और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की छह इकाइयों को रिजर्व रखा गया है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने चक्रवात निसर्ग के दौरान आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तीनों सेनाओं को अलर्ट पर रखा है। नियंत्रण कक्ष से थलसेना, वायुसेना, नौसेना, कोस्ट गार्ड, आईएमडी और एनडीआरएफ दलों में तालमेल सुनिश्चित किया गया है। नौसेना की पश्चिमी कमान (डब्ल्यूएनसी) ने जानकारी दी कि बाढ़ और अन्य आपातकालीन स्थितियों के लिए उसकी पांच टीम पूरी तरह से तैयार हैं। यह दल मानसून के दौरान भी काम करेगा।




