#Social

Nitrogen Cylinder Blast: दादरा नगर हवेली में बड़ा हादसा, इंडस्ट्रियल एरिया में नाइट्रोजन गैस सिलेंडर फटने से 4 की मौत, कई घायल; VIDEO


(Photo Credits IANS)

Nitrogen Cylinder Blast: केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली के औद्योगिक क्षेत्र सिलवासा में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ. डेमानी रोड स्थित एक गैस गोदाम में नाइट्रोजन सिलेंडर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इस दुर्घटना में कम से कम आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी नमो अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सुबह 9:15 बजे हुआ जोरदार धमाका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 9:15 बजे हुई जब गोदाम में गैस रिफिलिंग का काम चल रहा था. धमाका इतना शक्तिशाली था कि गोदाम की छत और दीवारें पूरी तरह ढह गईं. विस्फोट की गूंज लगभग 30 मीटर के दायरे में सुनी गई, जिससे स्थानीय निवासियों को लगा कि भूकंप आया है. सड़क पर मलबा गिरने और अचानक हुई तेज आवाज से पास के स्कूल के बच्चों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई.  यह भी पढ़े:  Cylinder Blast in Muzaffarnagar: सिलेंडर ब्लास्ट से घर में लगी आग, एक ही परिवार के 3 लोगों की हुई दर्दनाक मौत, मुजफ्फरनगर में धमाके से दहला परिसर: VIDEO

दादरा नगर हवेली में बड़ा हादसा

राहत और बचाव कार्य जारी

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग की टीमें और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं. मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. घायलों में से कुछ की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने फिलहाल पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है.

सुरक्षा नियमों पर उठे सवाल

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गोदाम एक व्यस्त रिहायशी इलाके और स्कूल के बेहद करीब स्थित था. स्थानीय प्रशासन और कलेक्टर प्रियांक किशोर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं. फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि विस्फोट के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके.

यह भी जांचा जा रहा है कि क्या गोदाम के पास संचालन के लिए आवश्यक अनुमतियां और सुरक्षा मानक मौजूद थे. पुलिस ने बताया कि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

स्थानीय स्तर पर भारी नुकसान

धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास के घरों की खिड़कियों के कांच टूट गए और पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाके के बाद करीब 15 मिनट तक इलाके में धूल और धुएं के कारण कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था.




Related Articles

Back to top button