प्रदेश की राजनीति में ट्विटर पर सियासी घमासान मचा हुआ है। कभी पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ट्वीट कर हमला बोलते हैं तो कभी पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, तो कभी सत्ता पक्ष से ट्वीट रिट्वीट का सिलसिला चलता है। ताजा घटनाक्रम में सीएम भूपेश ने बड़ा वादा किया है। उन्होंने रिट्वीट कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद सरोज पांडे के ट्वीट पर प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी का वादा किया है।
उन्होंने लिखा है कि बहन सरोज पांडेय जी! आज आपका भाई भूपेश आपसे वादा कर रहा है कि छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराबबंदी होकर रहेगी, हम सब इसकी तैयारी में लगे हैं। साथ ही आपका आभार इसलिए कि आपने आज पुनः प्रदेश के सामने ला दिया कि आपके भाई डॉ रमन सिंह ने 15 साल तक आपके वादे को तोड़ा, आपकी बात नहीं मानी।
इसके साथ ही सीएम भुपेश ने कहा कि बहन, मैं आपसे एक आग्रह और करता हूँ कि एक राखी अपने भाई नरेंद्र मोदी जी को भी भेज दें और उनसे भी वादा करवाएँ कि देशवासियों से उनके द्वारा किए गये प्रत्येक वादे को पूरा कर सकें। मुझे उम्मीद है कि मेरी बहन में इतनी हिम्मत तो है कि वो अपनी पार्टी के नेता को एक राखी भेज सकेगी।
आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने सीएम भुपेश को पत्र लिखा था उसी पत्र का जवाब मुख्यमंत्री भुपेश ने दिया है।
आपको बता दें कि सरोज पांडेय ने अपने पत्र में कहा है कि जब कांग्रेस सरकार में नहीं थी, तब प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी कांग्रेस का वादा था। इसी वादे को स्वीकार करते हुए छत्तीसगढ़ की सभी माताओं, बहनों ने कांग्रेस को वोट दिया। सांसद सरोज पांडेय ने लिखा है, 60 दिनों के पूर्ण लॉकडाउन के दौरान प्रदेश में शराब के कारण होने वाले घरेलू हिंसा के मामलों में कमी आई, लेकिन जैसे ही लॉकडाउन के नियमों में शिथिलता आई और शराब दुकानें फिर से खुलने लगी, तब से शराब के कारण घरों में कलह शुरू हो गई हैं।राज्य सभा सांसद सरोज पांडेय ने मुख्यमंत्री से भावुक आग्रह किया है कि अगर वे रक्षाबंधन के मौके पर पूर्ण शराबबंदी जैसा कदम उठाएंगे तो छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाओं, युवतियों और बच्चों के हित में बड़ा फैसला होगा।



