बिलासपुर – प्रापर्टी डीलर ने युवती से प्यार का इजहार किया। इस दौरान उससे शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया, तब वह अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। पुलिस ने अपराध दर्ज करने के 24 घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, पुलिस के मुताबिक तोरवा क्षेत्र के लालखदान के महमंद रोड निवासी शैलेष तिवारी उर्फ बबलू तिवारी प्रापर्टी डीलर (property dealer in Bilaspur) है। 21 वर्षीय युवती भी पहले लालखदान में अपने परिवार के साथ रहती थी। प्रापर्टी डीलर का उसके घर आना-जाना था। इस दौरान वह उससे मिलने जुलने लगा। फिर उसने प्यार का इजहार किया।
कुछ समय बाद युवती के साथ शादी करने का झांसा देकर आरोपी दुष्कर्म करने लगा। बाद में युवती अपनी मां व भाई के साथ कोतवाली क्षेत्र में आ गई। इस दौरान भी आरोपी उसका शारीरिक शोषण करता रहा। युवती ने जब शादी करने के लिए दबाव बनाया, तब आरोपी ने अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देने लगा। इससे परेशान होकर युवती ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। शनिवार की रात अपराध दर्ज करने के साथ ही 24 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी शैलेष तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है।
युवती ने पुलिस को बताया कि उसके घर की आर्थिक स्थिति कमजोर है। उसकी मां साफ सफाई कर जीवन गुजारा करती है। इसका फायदा उठाकर शैलेष उनकी आर्थिक मदद करता रहा। इसके बाद वह युवती के करीब आने लगा। इसी दौरान शादी करने का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करता रहा।
बताया जा रहा है कि आरोपी शैलेष तिवारी शादीशुदा है साथ ही उसके बच्चे भी बड़े हो गए हैं। रविवार को पुलिस उसे गिरफ्तार कर लेकर आई तो उसकी बेटी व परिजन भी मिलने पहुंचे थे। उसकी बेटी पीड़िता की उम्र की है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।



