जंगल में गए मजदूर पर तेंदुए ने किया हमला, अस्पताल में भर्ती – cgtop36.com

सतना में जंगल में गए मजदूर पर तेंदुए ने हमला कर दिया। मजदूर ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह से खुद को तेंदुए से छुड़ाया लेकिन तब तक तेंदुए ने उसको बुरी तरह से जख्मी कर दिया। मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। चित्रकूट के सती अनुसुइया जंगल में ये घटना हुई है।
राममिलन माली तेंदूपत्ता तोड़ने का काम करते हैं। वो चित्रकूट के सती अनुसुइया जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए गए थे। तेंदूपत्ता तोड़ते समय समय उनपर तेंदुए ने हमला कर दिया। राममिलन माली ने बहादुरी दिखाते हुए तेंदुआ के हमले का सामना किया और उससे बचने की कोशिश की। करीब दस 10 मिनट तक उन्होंने तेंदुए से लड़ाई की लेकिन तेंदुए ने उनको नहीं छोड़ा।
राममिलन पर तेंदुए को हमला करते देख मौके पर मौजूद एक वृद्ध महिला ने पत्थर मारकर तेंदुए को भगाने की कोशिश की। इस सबके बावजूद भी तेंदुआ राममिलन पर लगातार हमला करता रहा। करीब 10 मिन के बाद राममिलन किसी तरीके से अपनी जान बचाकर वहां से भागे। तब तक तेंदुए के हमले में वो गंभीर रुप से घायल हो चुके थे। उनके परिवार के लोग उनको लेकर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में भर्ती कर डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू कर दिया। राम मिलन की हालत अब खतरे के बाहर बताई गई है।





