क्या फिर एक बार बढ़ाया जायेगा लॉक डाउन ? पीएम मोदी कल करेंगे मुख्यमंत्रियों से बात
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से एक बार फिर चर्चा करने वाले हैं। बता दें कि देश में इस वक्त लाॅक डाउन 3.0 लागू है, जो 17 मई तक जारी रहेगा। लाॅक डाउन की समय सीमा समाप्त होने के बाद देश की दिशा क्या होगी, इसे तय करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से चर्चा करने वाले हैं।
गौरतलब है कि पहले और दूसरे लाॅक डाउन में पूरा देश पूरी तरह से बंद रहा। तमाम आर्थिक गतिविधियों पर विराम लगा रहा है, लेकिन लाॅक डाउन 3.0 में केन्द्र सरकार ने तीन जोन का निर्धारण करते हुए काफी कुछ आर्थिक गतिविधियों को राहत देते हुए संचालित करने की अनुमति देते हुए, राज्यों को अधिकार दे दिया था।
प्रधानमंत्री मोदी ने 28 अप्रैल को कोरोना वायरस संक्रमण से निपटने के लिए देश में लागू लॉकडाउन के बीच चौथी बार राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की थी। इसके बाद लॉकडाउन 3 मई को समाप्त होने से पहले से पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों से बात की थी।
अब क्या लॉकडाउन को एक बार फिर बढ़ाया जाएगा, यह कल होने वाले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद कुछ कुछ स्पष्ट हो जायेगा। 17 मई के बाद देश कोरोना से कैसे लड़े, सोमवार को मुख्यमंत्रियों के साथ होने वाली प्रधानमंत्री मोदी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में इस पर रास्ता तय किया जाएगा।
आपको बता दें कि कोरोना संकट और लॉकडाउन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 1 मई को केंद्रीय मंत्रियों के साथ भी अहम बैठक हुई थी। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रेल मंत्री पीयूष गोयल, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, सीडीएस जनरल बिपिन रावत समेत कई अफसर मौजूद थे, इस बैठक में लॉकडाउन के दूसरे चरण की समीक्षा की गई थी।




