
मथुरा। पति-पत्नी के बीच विवाद ने भयानक रूप ले लिया और गुस्से में पत्नी ने पति के चेहरे पर गर्म तेल फेंके दिया। मामला उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के एक गांव का है। यहां पति और पत्नी के बीच विवाद ने झगड़े का रूप ले लिया। तैश में आकर खाना बनी रही पत्नी ने गरम तेल पति के चेहरे पर फेंक दिया। इससे पति झुलस गया। रिफाइनरी थाने के प्रभारी निरीक्षक लोकेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि यह घटना नगला पोहपी गांव की है,जहां मोनू और उसकी पत्नी हाजरा के बीच घर के खर्चों को लेकर विवाद हो गया।
गुस्से में हाजरा ने सरसों का गर्म तेल पति के चेहरे पर डाल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। पड़ोसी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि फिलहाल पीड़ित खतरे से बाहर है। हाजरा से उसकी शादी तीन साल पहले हुई थी और महिला की यह दूसरी शादी है। भाटी ने कहा कि इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है और शिकायत मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा।




