उत्तर प्रदेशदेश विदेश

पीडियाट्रिशन ने किया बुजुर्ग का ऑपरेशन, बुजुर्ग की मौत, परिजनों में आक्रोश, जानें पूरा मामला…

बहराइच। मेडिकल कॉलेज में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ ने निजी नर्सिंग होम में बुजुर्ग की पथरी का ऑपरेशन किया। रविवार देर शाम मरीज की मौत होने के बाद से परिजनों में आक्रोश है। इस प्रकरण पर सीएमओ ने जांच कमेटी गठित की है।

सीएमओ डाॅ. राजेश ने कहा कि डाॅ. अतुल मिश्रा पीडियाट्रिक हैं, जो ऑपरेशन नहीं कर सकते हैं। उनके खिलाफ अपना निजी अस्पताल संचालित करके ऑपरेशन करने की शिकायत मिली है। दो डिप्टी सीएमओ समेत तीन चिकित्सकों की कमेटी गठित कर जांच कराई जा रही है।

रिसिया के बुजुर्ग कृपाराम को पथरी की परेशानी होने पर परिजन मेडिकल कॉलेज लाए थे। आरोप है कि पीडियाट्रिक (बाल रोग विशेषज्ञ) डाॅ. अतुल मिश्रा ने मरीज उनको एके हॉस्पिटल में भर्ती करने के बाद स्वयं ही पथरी का ऑपरेशन कर दिया। टांकों से यूरिन का स्राव होने और इन्फेक्शन फैलने से मरीज की हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद दोबारा ऑपरेशन भी कर दिया।

कृपाराम की हालत चिंताजनक होने पर आक्रोशित परिजनों ने जब चिकित्सक से शिकायत की तो उन्होंने चुप रहने के लिए धमकाया, जिसका तीमारदार ने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

बुजुर्ग की मौत हो गई और रविवार शाम आरोपी चिकित्सक व अस्पतालकर्मी जबरन शव को बाहर निकालने का प्रयास करते रहे, लेकिन परिजन प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर आने की मांग पर अड़ गए।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि मामले की शिकायत डीएम से भी की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित परिवार ने अब मुख्यमंत्री समेत अन्य जिम्मेदारों को शिकायती पत्र भेजकर इंसाफ की गुहार लगाई है।

पूरे मामले में जब चिकित्सक अतुल मिश्रा से बात करने के लिए उनके मोबाइल नंबर पर कॉल किया गया तो कई बार घंटी बजने के बाद भी उन्होंने न तो फोन रिसीव किया और न ही कॉल बैक कर अपना पक्ष देने का प्रयास किया।

Related Articles

Back to top button