बड़ी खबर – कोरोना का अब रैपिड किट की बजाय एलाइजा टेस्ट से होगा बेहतर परीक्षण, जल्द होगी शुरू
केंद्र सरकार रैपिड टेस्ट की बजाय अब देश में ही तैयार एलाइजा टेस्ट का इस्तेमाल बढ़ाएगी। इस किट का निर्माण जायडस कैडिला ने शुरू कर दिया है। कुछ दिनों में जिले स्तर पर इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करा दी जाएगी।
सरकार की योजना है कि कोरोना रोगियों के सर्विलांस के लिए एलाइजा टेस्ट का ही इस्तेमाल किया जाए, लेकिन जब तक इस किट का पर्याप्त उत्पादन नहीं होता, तब तक ग्रीन जोन में पूल्ड आरटीपीसीआर टेस्ट भी किए जाएंगे। आईसीएमआर के एक अधिकारी के अनुसार, कैडिला के अलावा तीन अन्य कंपनियों को भी यह तकनीक देने की प्रक्रिया चल रही है।
गौरतलब है कि एनआईवी पुणे द्वारा विकसित एलाइजा किट से जांच आसान होगी। इस किट के जरिए एक बार में 90 टेस्ट हो जाते हैं और सिर्फ ढाई घंटे का समय लगता है। यह बहुत किफायती है।
एलाइजा टेस्ट में शरीर में बनने वाली आईजीजी एंटीबाडीज का टेस्ट किया जाता है, जिसमें सक्रिय वायरस नहीं होता है। इसलिए टेस्ट के दौरान ज्यादा सुरक्षा की जरूरत भी नहीं होती है।




