ठगी का नया तरीका: नि:संतान महिला को प्रेग्नेंट करने के नाम पर युवक से लाखों की ठगी, विज्ञापन देख निकला था मदद करने..

आगरा। आधुनिकता के इस दौर में हर इंसान भाग दौड़ भरी जिंदगी जी रहा है, जिसका सीधा असर सेहत पर पड़ रहा है। दिखने में इंसान बाहर से तंदुरूस्त रहता है, लेकिन अंदर से पूरी तरह खोखला रहता है। भाग दौड़ भरी जिंदगी और अनियमित खान-पान के चलते लोग पुरुषों में नपुंसकता और महिलाओं में बांझपन के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे ही निसंतान दंपतियों की मदद के लिए इन दिनों एक विज्ञापन तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें निसंतान दंपतियों की मदद करने के बदले पैसे मिल रहे हैं। तो चलिए समझते हैं क्या है पूरा मामला?
दरअसल आगरा के एक शख्स ने यही विज्ञापन पढ़ लिया और निकल गया निसंतान महिला की सूनी कोख को आबाद करने। लेकिन भला करने के चक्कर में युवक को लेने के देने पड़ गए। बताया गया कि सोशल मीडिया पर स्पर्म डोनर बनने के लिए दिए गए विज्ञापन में लिखा कि निसंतान दंपत्ति की मदद करें और बदले में अच्छी कमाई करें। ताजगंज निवासी 23 वर्षीय युवक ने भी विज्ञापन देखा और रजिस्ट्रेशन के लिए पांच हजार रुपए दे दिए। पैसे देने के बाद से अब तक युवक थाने के चक्कर लगा रहा है।
बताया गया कि ये ठगों की चाल थी और उन्होंने ऐसा विज्ञापन जारी कर पैसे ऐंठने का नया हथकंडा अपनाया है। युवक ने जैसे ही उनके बताए अकाउंट पर पैसे ट्रांसफर किए, ठगों ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। फोन नहीं लगने से परेशान युवक ने थाने में जाकर ठगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मामले को लेकर पुलिस ने कहा कि साइबर सेल में शिकायत दर्ज करवानी होगी। उसने शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस का कहना है कि इस तरह का नया मामला सामने आया है जिसमें ऑफर के जरिए लोगों से रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर रकम वसूलकर शातिर गायब हो गए हैं। मामले की जांच की जाएगी और कड़ी कार्रवाई होगी।
बता दें कि ऐसा ही मामला कुछ दिनों पहले भी सामने आया था, जब युवक को निसंतान दंपति को प्रेग्नेंट करने का ऑफर देकर पीड़ित से लाखों रुपए की ठगी की गई थी। ठगी के शिकार हुए युवक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कुछ भी नहीं हो पाया।



