विदाई के बाद नईनवेली दुल्हन आशिक संग हुई फरार, दूल्हे के अरमान रह गए धरे के धरे, धूमधाम से लिए थे सात फेरे
औरंगाबाद जिले में हैरान कर देने वाला वाकया सामने आया है। यहां शादी के बाद मायके से विदा होकर ससुराल जा रही दुल्हन बीच रास्ते में ही पति को छोड़ प्रेमी के साथ फरार हो गई। पति गाड़ी में ही बैठकर इंतजार करता रह गया, लेकिन दुल्हन लौट कर नही आई। मामला सामने आने के बाद पुलिस फरार दुल्हन की तलाश में जुट गई है। फिल्मी स्टाइल में हुए इस घटना को लेकर इलाके में लोग कई तरह की बातें कर रहे हैं। फिलहाल दूल्हे ने अपनी नवविवाहिता पत्नी के भाग जाने की शिकायत स्थानीय थाना में दिया है और कहा कि वह किसी के साथ भाग गई है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना जिले के मदनपुर थाना की है। बताया जा रहा है कि सिंदुआरा गांव निवासी चंदन कुमार का विवाह बीते माह की 21 तारीख को बालूगंज (डुमरी) निवासी श्वेता कुमारी के साथ हुई थी, शादी के बाद वह ससुराल गई थी। ससुराल में एक सप्ताह रहने के बाद वह वापस अपने मायके आ गई। उसके साथ पति भी ससुराल गया। वहां उसकी ठीक-ठाक खातिरदारी भी हुई। चंदन बुधवार को अपनी पत्नी की विदाई कराकर रिजर्व ऑटो से ले जा रहा था। तभी रास्ते में शिवगंज पेट्रोल पंप के पास चंदन की नई-नवेली दुल्हन ने शौच जाने की बात कही और ऑटो रुकवाया।
इधर दूल्हे ने पत्नी की बात सुनकर पति ने ड्राइवर से बोलकर गाड़ी को रुकवाया, महिला शौच की बात बोलकर गाड़ी से नीचे उतर गई लेकिन वापस नहीं आई। काफी देर बाद जब पति को शक हुआ तो वह भी गाड़ी से नीचे उतरा और पत्नी की खोजबीन में जुट गया। उसकी पत्नी आसपास कहीं भी नहीं मिली, उसे शक हुआ कि उसकी पत्नी किसी गैर के साथ फरार हो गई।
जब बहुत खोजबीन के बाद भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा तब चंदन ने लिखित आवेदन थाने में दिया है और कहा है कि वह किसी दूसरे व्यक्ति के साथ भाग गई। शिकायत में उसने लिखा है कि 21 अप्रैल को धूमधाम से बालूगंज (डुमरी) की रहने वाली लडकी से शादी हुई थी, लिखित आवेदन में कहा गया है कि दुल्हन किसी दूसरे व्यक्ति के साथ भाग गई है।




