Janmashtami 2021- श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए सजे बाजार, पूजन सामग्री की दुकानों पर बढ़े ग्राहक पढ़े पुरी ख़बर

लॉकडाउन के बाद से राजधानी के बाजारों में छाई रही मायूसी रक्षाबंधन की खरीदारी से छट चुकी है। बाजारों में रौनक है। अब बाजार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए सज गए हैं। चौक, न्यू मार्केट, भेल, कोलार, संत हिरदाराम नगर, होशंगाबाद रोड, कोटरा सुल्तानाबाद, पीएडंटी, अयोध्या बायपास हो या फिर अवधपुरी, करोंद, गांधी नगर सहित शहर के अन्य छोटे-बड़े बाजारों में लोग श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की खरीददारी कर रहे हैं। भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के लिए कई डिजाइन के लकड़ी, पीतल के झूले खरीद रहे हैं। लोग अपने बच्चों के लिए कान्हा की ड्रेस खरीद रहे हैं। मोर मुकुट, मोतियों की मालाएं समेत अन्य सामग्रियों की खरीददारी कर रहे हैं। भगवान श्रीकृष्ण को जन्माष्टमी पर भोग लगाने के लिए विभिन्न प्रकार की मिठाइयां घरों पर लेकर जा रहे हैं। बाजारों में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की खरीददारी से 20 फीसदी तक कारोबार बढ़ गया है। रक्षाबंधन पर सराफा, कपड़ा, मिष्ठान, किराना सहित राखियों की खरीददारी होने से 40 फीसद तक व्यवसाय में बढ़ोतरी हुई थी।
मार्केट व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष सतीश गंगराडे ने बताया कि लॉकाडाउन में ठप हुआ व्यवसाय अनलॉक में भी पटरी पर नहीं आया था। बाजारों में सीमित लोग जरूरी सामान की खरीददारी करने आ रहे थे। रक्षाबंधन से खरीददारी में इजाफा होने लगा, जो श्रीकृष्ण जन्माष्टमी तक रहने की उम्मीद है। लोगों को न्यू मार्केट में पूजन सामग्री से लेकर भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमाएं, तस्वीर व कान्हा के कपड़े उपलब्ध हैं। खरीदारों के आने से बाजार में चहल-पहल देखने को मिल रही है।
पूजन सामग्री की दुकानों पर बढ़े ग्राहक
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी सोमवार को है। ऐसे में शहर की पूजन-सामग्रियों की दुकानों पर खरीददारों की संख्या बढ़ गई है। लोग भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाने के लिए मूर्तियां, पीतल के दीपक, घंटियां, झूले, पोशाक, अगरबत्तियां, धूप बत्ती, कपूर, घी सहित अन्य पूजन सामग्री खरीदकर ले जा रहे हैं। मिष्ठान की दुकानों पर दूध, दही, बर्फी, लड्डू की मांग बढ़ गई है। भगवान को भोग लगाने के लिए अलग-अलग तरह की मिठाइयां खरीदकर ले जा रहे हैं। पूजन सामग्री पांच रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक मिल रही हैं।
फलों व फूलों की भी बढ़ी मांग
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मंदिरों व घरों में फलों को चढ़ाया जाएगा। इससे सेब, नाशपाती, केला, अनार सहित अन्य फलों की मांग बढ़ गई है। 50 रुपये से लेकर 250 रुपये प्रतिकिलो के भाव में फल मिल रहे हैं। फलों के व्यवसाय में भी 20 फीसद तक बढ़ोतरी हो गई है। वहीं मंदिरों को सजाने के लिए फूलों की मांग बढ़ गई है। गेंदा, गुलाब, मोगरा सहित अन्य प्रजातियों के फूल अधिक संख्या में बिक रहे हैं। लॉकडाउन में मंदिर बंद होने से फूलों का व्यवसाय पूरी तरह से बंद हो गया था।




