क्राइमदेश विदेशमध्यप्रदेश

तेज रफ्तार का कहर, कार ने मारी बाइक को टक्कर, बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी और बच्ची घायल

भोपाल। शहर के शिवाजी नगर में लिंक रोड क्रमांक 01 पर एक तेज रफ्तार कार ने आगे जा रही बाइक को टक्कर मार दी। गुरुवार देर रात पीसीसी दफ्तर के नजदीक हुए इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी उसकी पत्नी व बच्ची घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जेपी अस्पताल भर्ती कराया। पुलिस ने मर्ग कामय कर छानबीन शुरू कर दी है।

हबीबगंज पुलिस के मुताबिक गुरुवार देर रात अन्ना नगर निवासी दीपक अपनी पत्नी गीता और दो साल की बेटी के साथ कपड़े खरीदने के लिए न्यू मार्केट गए थे, जहां लौटने में देर हो गई थी। वह लिंक रोड से होते हुए लौट रहे थे। उनकी बाइक पीसीसी दफ्तर के सामने पहुंची, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में दीपक की मौत हो गई, जबकि पत्नी गीता और 2 वर्षीय बेटी अनन्या को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को इलाज के लिए जेपी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। स्वजनों को कहना है कि गुरुवार शाम को दीपक, पत्नी गीता और बेटी अनन्या के साथ 14 अप्रैल को बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती पर पहनने के लिए कपड़े लेने न्यूमार्केट गए थे। देर रात वापस आते समय यह घटना हो गई। दीपक की शादी चार साल पहले हुई थी। दीपक ड्राइवरी किया करता था।

लिंक रोड पर हादसे होने का सिलसिला सालों से चल रहा है। यहां हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार होता है। सपाट सड़क होने की वजह से रात के समय यहां कार चालक तेज से रफ्तार में वाहन चलाते हैं, लेकिन उनको रोकने के लिए पुलिस ने कभी कोई रणनीति तैयार नहीं की है। इस मार्ग पर कई कार सवार भी तेज रफ्तार के कारण डिवाइडर से टकराकर अपनी जान तक गवां चुके हैं।

Related Articles

Back to top button