बारात निकलने से पहले पुलिस के साथ आ धमकी प्रेमिका, शादी का झांसा देकर अवैध संबंध का लगाया आरोप

संतकबीरनगर। यूपी के संतकबीरनगर जिले के मेहदावल थाना क्षेत्र के एक गांव में उस समय एक दूल्हे की शादी में खलल पड़ गया, जब वह बारात लेकर निकलने वाला था. तभी उसकी प्रेमिका उसके घर पर आ पहुंची और हंगामा करने लगी.
युवती का आरोप है कि युवक शादी का झांसा देकर कई सालों तक उसके साथ अवैध संबंध बनाता रहा और उसको धोखा देकर दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा था. इस मामले में शनिवार को ही गोरखपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था. हंगामा होने के बाद पुलिस ने शादी रुकवा दी.
बता दें कि पूरा मामला मेंहदावल थाना क्षेत्र का है, जहां एक युवती ने अपने प्रेमी के ऊपर दुष्कर का एक मुकदमा दर्ज कराया और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. शनिवार को पीड़िता ने कैम्पियरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया और रविवार को ही प्रेमी की शादी थी. पीड़िता के मुताबिक वह कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है. उसने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है. दर्ज कराए गए मुकदमे में बताया है कि अभिषेक नाथ पाठक पुत्र लक्ष्मीकांत पाठक, ग्राम व पोस्ट कौवाठोर भौरा, जनपद जिला संतकबीरनगर का निवासी है. मुझसे 10 वर्ष पूर्व 2014 में मिला था, और मुझको अपने प्रेम जाल में फंसा लिया. कई बार शारीरिक संबंध बनाया और पिछले 7 माह से गोरखपुर में शारीरिक शोषण करता रहा. जब शादी की बात करती थी तो आजकल का बहाना बनाकर टाल देता था. मुझे पता चला है कि रविवार को उसकी शादी संतकबीर नगर की एक युवती से हो रही है. जब मैं अभिषेक से बात करने की कोशिश की तो मुझे गाली देकर शादी करने से इनकार कर दिया.
इसके बाद रविवार को युवती प्रेमी के घर आ धमकी। युवती ने दूल्हे से खुद के साथ प्रेम प्रसंग होने की बात की तो परिजनों को भरोसा नहीं हुआ और वे उसे जाने को कहने लगे. इसपर युवती ने हंगामा कर दिया. इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती द्वारा दिखाए गए फोटोग्राफ और साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी प्रेमी को हिरासत में ले लिया. पूरे मामले पर मेहदावल के थाना अध्यक्ष रामकृष्ण मिश्रा ने बताया मामला गोरखपुर का है, लेकिन हंगामा के बाद शादी रुकवा दी गई है. मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई प्रचलित है.




