अपने प्रेमी के घर के सामने प्रेमिका ने शुरु किया धरना, अब पुलिस करनी पड़ी है तैनात

इटावा में एक युवती ने अपने प्रेमी के घर के सामने धरना शुरु कर दिया है। युवती ने शादी ना करने पर आत्मदाह करने की धमकी दी है जिसके बाद पुलिस ने वहां पर पहराल लगा दिया है, वहीं प्रेमी घर के आगे ताला लगाकर परिवार सहित भाग गया है।मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना इटावा के एक गांव की है।
युवती पिछले महीने घर से भाग गई थी, इसकी शिकायत पिता ने भरथना थाने में दर्ज करवाई थी। युवती मिलने पर युवक ने कोर्ट के सामने शादी करने का बयान दिया था, लेकिन बाद में वह अपने बयान से मुकर गया।शादी से इनकार करने पर युवती ने 13 मई को युवक के घर के सामने डेरा डाल दिया। इसके बाद युवक और उसका पूरा परिवार घर को ताला लगाकर फरार हो गया है।
वहीं युवती ने ताला तोड़ना चाहा तो युवक के परिजनों ने आकर मारपीट की।इस मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस निरीक्षक पूनम अवस्थी युवती को थाने लेकर पहुंची थी और उसके बाद समझा बुझाकर वापस घर भेज दिया था। लेकिन दूसरे दिन फिर युवती युवक के गांव पहुंच गई और दरवाजे के सामने बैठ गई। युवती का कहना है कि जब तक शादी नहीं होगी वह यहां से नहीं हिलेगी। वहीं शादी नहीं हुई तो वह प्रेमी की चौखट पर ही अपनी जान दे देगी। इसी के चलते पुलिस ने युवती को सुरक्षा तैनात कर दी है।।




