यूट्यूबर कपल के बीच हुआ झगड़ा, बहस के बाद दोनों ने छत से कूदकर कर ली आत्महत्या

बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक लिव-इन जोड़े ने कथित तौर पर एक अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली. वे दोनों यूट्यूबर थे. पुलिस के मुताबिक, उन दोनों के बीच झड़प हुई थी जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया. बहादुरगढ़ शहर दिल्ली से सिर्फ 20 किलोमीटर की दूरी पर है.
इस जोड़े की पहचान 25 साल के गर्वित और 22 साल की नंदिनी के रूप में की गई है. यह दोनों कंटेंट क्रिएटर थे. वे अपना चैनल चलाते थे और यूट्यूब व फेसबुक जैसे प्लेटफार्मों के लिए शॉर्ट फिल्में बनाते थे.
वे दोनों कुछ दिन पहले अपनी टीम के साथ देहरादून से बहादुरगढ़ पहुंचे थे. उन्होंने रुहेला रेजीडेंसी की सातवीं मंजिल पर एक फ्लैट किराए पर लिया था. वहां वे अपने पांच साथियों के साथ रह रहे थे.
पुलिस ने बताया कि, दोनों ने आज सुबह करीब 6 बजे आत्महत्या कर ली. वे शूटिंग के बाद देर से घर लौटे थे और उनके बीच किसी बात पर बहस हो गई थी.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि इस जोड़े ने अपना जीवन समाप्त करने जैसा कदम क्यों उठाया.
फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच करने के लिए मौके पर सबूत इकट्ठे किए. घटना से पहले के घटनाक्रम को समझने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है.
मामले के जांच अधिकारी जगबीर ने कहा, “हम घटना की जांच कर रहे हैं और उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.”



