छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में पान ठेले का संचालन करने वाले युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोलीकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश की वजह से वारदात को अंजाम दिया गया है। सूचना पर पुलिस पूरे इलाके की नाकेबंदी में जुट गई थी।
पूरी घटना बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र के लालखदान की है, जहां बिल्लू श्रीवास को गोली मार दी गई। बिल्लू पर गोली चलाने वाले शख्स का नाम संजय पाण्डेय बताया जा रहा है। बिल्लू श्रीवास कुछ दिन पहले ही हत्या के मामले में जेल से छूट कर जमानत पर बाहर आया था। ऐसे में इस घटना की वजह पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना से पूरे इलाके में सनसनी का माहौल है। गोली लगने के बाद घायल बिल्लू श्रीवास को पुलिस ने इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टर ने बताया कि बिल्लू को सीने में गोली लगी थी। घायल युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान ही दम तोड़ दिया। फ़िलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।




