देश विदेशमध्यप्रदेश

MP में 4269 पदों पर होगी कांस्टेबल की भर्ती, गृहमंत्री ने दी मंजूरी

पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पुलिस मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में बड़ी संख्या में कांस्टेबल की भर्ती को मंजूरी दे दी है. अगले महीने से यह भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पुलिस मुख्यालय में विभागीय समीक्षा बैठक ली. इस दौरान उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को बनाये रखने के लिये विभागीय अधिकारी पूरी सजगता और तत्परता से कार्य करें. साइबर क्राइम कन्ट्रोलिंग टेक्नीक को उन्नत बनाया जाये और सोशल मीडिया सेल को सशक्त करें. उन्होंने कहा कि विभाग में आरक्षकों के रिक्त पदों की पूर्ति शीघ्र की जाये. साथ ही उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों की पदोन्नति प्रक्रिया नियमानुसार प्रारंभ की जाये.

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि पुलिस विभाग में शीघ्र ही 4269 पुलिस आरक्षकों की भर्ती की जाएगी. उन्होंने पुलिस महानिदेशक विवेक जोहरी को पुलिस आरक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिये. नरोत्तम मिश्रा ने पुलिस विभाग में आरक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती की फाइल मंत्रालय से बुलाकर स्वीकृति प्रदान की. पुलिस महकमें में पिछले तीन साल से आरक्षक भर्ती प्रक्रिया रूकी हुई थी. अगले महीने से भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जायेगी.

मिश्रा ने पुलिस विभाग के कर्मचारियों के उपचार के लिये चिंता करते हुए पीपीपी मोड़ सर्वसुविधायुक्त पुलिस हॉस्पिटल के निर्माण के लिये प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये हैं. उन्होंने कहा कि आर्मी की तरह पुलिस हॉस्पिटल में आरक्षक से लेकर गृह मंत्री और पुलिस महानिदेशक भी अपना उपचार करा सकेंगे. मिश्रा ने कहा कि पुलिस हॉस्पिटल के निर्माण में उच्‍च स्तर पर जो भी आवश्यकताएं होंगी, उसमें पूरा सहयोग किया जायेगा. इसके निर्माण से पुलिस विभाग के कर्मचारियों को उपचार के लिये सहज सुलभ सुविधा प्राप्त हो जायेगी.

मिश्रा ने अपराधों के बदलते तौर तरीकों से निपटने के लिये तकनीक को और उन्नत करने की आवश्यकता बताई. उन्होंने साइबर क्राइम कन्ट्रोलिंग टेक्नीक और सोशल मीडिया सेल को सशक्त करने के लिये आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि यदि पूर्व से प्रक्रिया प्रचलन में है तो उसकी प्रगति से शीघ्र अवगत कराया जाना सुनिश्चित करें. पुलिस आधुनिकीकरण के लिये आवश्यक बजटीय प्रावधान के लिये पुलिस महानिदेशक के साथ वित्त विभाग से चर्चा की जायेगी.

बैठक में गृह मंत्री मिश्रा द्वारा राष्ट्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल का हेड क्वाटर सिंगरौली से भोपाल किये जाने की स्वीकृति प्रदान की है. साथ ही भोपाल की फायरिंग रेंज को बालमपुर की नवीन फायरिंग रेंज में स्थानान्तरित करने के लिये निर्देश दिए गए हैं. वहीं, आवश्यक बजटीय स्वीकृति, प्रदेश में पुलिस बल बढ़ाये जाने के लिये गृह मंत्रालय से स्वीकृति प्राप्त किये जाने के लिये आवश्यक कार्यवाही के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई. समीक्षा बैठक में विशेष महानिदेशक विजय यादव, अतिरिक्त महानिदेशक अजय शर्मा, अशोक अवस्थी, अन्वेष मंगलम और पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.

Related Articles

Back to top button