क्राइमदेश विदेश

बेरहमी: ढाई साल की मासूम को मारने में नहीं कांपा दिल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आया सच, जाने मामला

लुधियाना: शिमलापुरी इलाके में ढाई साल की बच्ची दिलरोज की हत्या बहुत ही बेरहमी से की गई थी। दो बच्चों की मां नीलम ने ढाई साल की मासूम के साथ बर्बरता की सारी सीमाएं पार कर दी थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दिल दहला देने वाले खुलासे हुए हैं। बच्ची के पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि उसके माथे पर चोट थी और सिर के पिछली हिस्से पर भी चोट लगी थी।

बताया जा रहा है कि महिला ने बच्ची को जिंदा दफनाने से पहले उसे गड्ढे में पटककर मारा था। इसी से बच्ची के माथे और सिर पर चोट लगी। नीचे गिरते ही बच्ची तेज तेज रोने चीखने लगी। इसके बाद भी महिला को दया नहीं आई। उसने बच्ची के मुंह में मिट्टी भरने के बाद उसे दफना दिया और वहां से फरार हो गई। बच्ची का पोस्टमार्टम करने वाले पैनल बोर्ड में डॉ. गुरविंदर कौर, डॉ. वरुण सग्गड़ और डॉ. रिपू दमन शामिल थे। सारी रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई है।
आरोपी का परिवार बेच चुका था मकान, रविवार था आखिरी दिन

महिला आरोपी नीलम तलाकशुदा थी और अपने दो बच्चों के साथ अपने मायके परिवार के साथ ही रह रही थी। वह अक्सर इलाके में लोगों के साथ झगड़ा करती रहती थी। जिस कारण इलाका निवासी काफी परेशान थे। नीलम के परिवार वालों ने यह घर बेच दिया था और किसी अन्य जगह पर शिफ्ट होने वाले थे। रविवार को घर का आधा सामान शिफ्ट कर लिया गया और बाकी का सामान शिफ्ट होना था। बच्ची के दादा ने आरोप लगाया कि नीलम का रिकॉर्ड काफी खराब था। मोहल्ले में आखिरी दिन था तो उसने सोची समझी साजिश के तहत ही बच्ची को अगवा किया और उसकी निर्मम हत्या कर दी।

आरोपी महिला के भाई के साथ लोगों ने की मारपीट
इलाके के लोगों को जैसे ही पता चला कि बच्ची की हत्या कर दी गई है और हत्या करने वाला कोई ओर नहीं बल्कि नीलम ही है, तो लोगों में आक्रोश फैल गया। जब लोगों को यह सूचना मिली कि मामले में नीलम की गिरफ्तारी हुई है, तो लोगों ने उसके भाई को मारपीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया।

बच्ची के दादा ने लगाए कई गंभीर आरोप
बच्ची के दादा ने महिला और उसके परिवार वालों पर कई तरह के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पहले तो महिला ने कुछ बताया नहीं था बाद में उसी के बेटे ने बताया कि दिलरोज को उसकी मां ले गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस हत्याकांड को सोची समझी साजिश के तहत अंजाम दिया गया है। पूरा परिवार गलत काम करता है। उन्होंने पुलिस से मांग की कि पूरे परिवार की जांच होनी चाहिए कि वह काम धंधा क्या करते हैं।

बच्ची को दफनाने वाली आरोपी महिला दो दिन के पुलिस रिमांड पर
थाना शिमलापुरी के एसएचओ इंस्पेक्टर बलकार सिंह ने बताया कि आरोपी महिला को अदालत में पेश किया गया था। जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला से पूछताछ शुरु कर दी है। स्कूटी को पहले ही बरामद कर लिया गया था।

Related Articles

Back to top button