#Socialदेश विदेश

Bangladesh Violence: बांग्लादेश के हालात पर राज्यसभा में ढ़ाई बजे और लोकसभा में साढ़े 3 बजे बयान देंगे विदेश मंत्री एस जयशंकर

External Affairs Minister S Jaishankar | Credit- ANI

नई दिल्ली, 6 अगस्त : बांग्लादेश के हालात को लेकर सर्वदलीय बैठक में सभी राजनीतिक दलों को जानकारी देने के बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर लोकसभा में भी इस मुद्दे पर बयान देंगे. विदेश मंत्री मंगलवार दोपहर बाद 3:30 बजे लोकसभा में और राज्यसभा में 2.30 बजे बांग्लादेश के हालात पर बयान देंगे.

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने मंगलवार को सदन में प्रश्नकाल की कार्यवाही समाप्त होने के बाद यह जानकारी दी कि उन्होंने किसी भी स्थगन प्रस्ताव के नोटिस को मंजूरी नहीं दी है. उन्होंने कहा कि कुछ सांसदों ने बांग्लादेश की स्थिति को लेकर सदन को अवगत कराने के लिए आग्रह किया था. विदेश मंत्री स्वतः संज्ञान लेते हुए आज 3:30 बजे इस पर अपना वक्तव्य लोकसभा में देंगे.

इससे पहले संसद भवन परिसर में सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को बांग्लादेश के हालात की जानकारी देते हुए यह आश्वासन भी दिया कि पड़ोसी देश के हालात पर सरकार की पैनी नजर बनी हुई है. बैठक में बांग्लादेश में मौजूद भारतीयों की सुरक्षा को लेकर भी जानकारी दी गई. बैठक में सभी राजनीतिक दलों ने इस मसले पर सरकार के साथ खड़े होने का भरोसा दिया.

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने यह जानकारी भी दी कि बांग्लादेश में 20 हजार भारतीय थे, जिसमें से ज्यादातर छात्र थे. सरकार द्वारा एडवाइजरी जारी करने के बाद उसमें से 8 हजार छात्र भारत लौट आए हैं. उन्होंने यह भी बताया कि सरकार बांग्लादेश की सेना के संपर्क में है. वहां स्थिति लगातार बदल रही है और आगे जैसे-जैसे बदलाव होगा, सरकार उसके बारे में फिर से जानकारी देगी.

शेख हसीना के बारे में बैठक में यह बताया गया कि उन्हें थोड़ा समय देना चाहिए और उन्हें स्वयं ही यह फैसला करना है कि वह कहां जाना चाहती हैं. सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने बैठक में बांग्लादेश के राजनीतिक घटनाक्रम में बाहरी हाथ के बारे में सवाल पूछा था जिसके जवाब में बताया गया कि अभी इस बारे में बात करना जल्दबाजी है.


Related Articles

Back to top button