
महाराष्ट्र। ठाणे से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां एक युवक ने प्रेमिका द्वारा ठुकराए जाने के बाद आत्महत्या कर ली. आत्महत्या से पहले युवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक लाइव हुआ था और अपने आत्महत्या के बारे में जानकारी दी थी. पुलिस ने शनिवार को घटना से संबंधित यह जानकारी दी. एक अधिकारी ने कहा कि कल्याण (पश्चिम) का रहने वाले अंकुश पवार ने तीन साल तक प्रेमिका रही लड़की के सामने जब शादी का प्रस्ताव रखा तो लड़की ने उसके इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया. इसके बाद अंकुश ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली.
अधिकारी ने कहा कि अंकुश एक अस्पताल में वार्ड ब्वॉय के रूप में काम करता था. उसने सुसाइड को लेकर फेसबुक पर लाइव स्ट्रीमिंग की और कहा कि वह तीन साल से एक लड़की के साथ रिश्ते में था, वह उसे बेहद प्यार करता था लेकिन जब उसने शादी का प्रस्ताव रखा तो उसने मेरे प्रस्ताव को ठुकरा दिया. उसने कहा कि उसने अपने बचत के पैसे भी उसे दे दिए थे. अधिकारी ने कहा कि दोनों के बीच कई मुद्दों पर अक्सर झगड़ा होता था और बृहस्पतिवार को तीखी बहस के दौरान महिला ने कथित तौर पर उसे मरने के लिए कहा, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर आत्महत्या कर ली. उन्होंने कहा कि एमएफसी पुलिस ने दुर्घटनावश हुई मौत का मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है.




