दिग्गज टेक कंपनी Google ने आज भारत में ‘Google News Showcase’ को लॉन्च किया है। इसके लिए कंपनी ने Zee News समेत 30 समाचार संगठनों से समझौता किया है। इसमें राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और स्थानीय समाचार संगठन जैसे कि द हिंदू ग्रुप, एचटी डिजिटल स्ट्रीम्स लिमिटेड, इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप, एबीपी लाइव, इंडिया टीवी, एनडीटीवी, जी न्यूज, अमर उजाला, डेक्कन हेराल्ड, पंजाब केसरी, दैनिक जागरण, द टेलीग्राफ इंडिया, आईएएनएस ( इंडो एशियन न्यूज सर्विस ) और एएनआई शामिल हैं।
Google का कहना है कि जब लोग गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता की तलाश में हैं और प्रकाशक पाठकों के साथ जुड़ने के नए तरीके खोज रहे हैं, ऐसे में Google News Showcase को लॉन्च करना एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी ने यह फैसला प्रकाशकों को प्रोत्साहित करने के लिए लिया है। साथ ही Google की इस पहल से 50,000 पत्रकारों और पत्रकारिता के छात्रों को काफी फायदा होगा, क्योंकि कंपनी उन्हें डिजिटल हुनर सिखाएगी। यानि कंपनी के इस कार्यक्रम से न केवल पत्रकारों को फायदा होगा, बल्कि पत्रकारिता की पढ़ाई कर रहे छात्रों को भी लाभ मिलेगा।
कंपनी के आधिकारिक ब्लॉग पर जानकारी दी गई है और बताया गया है कि यह हमारा नया ऑनलाइन अनुभव और लाइसेंसिंग प्रोग्राम है जो टेक्स्ट और अन्य संपत्तियों को लाइसेंस देता है, और क्यूरेट की गई सामग्री के लिए प्रोत्साहन देता है। जब रीडर लिंक पर क्लिक करते हैं तो उन्हें सीधे प्रकाशक समाचार साइट पर ले जाया जाता है जहां वे पूरा आर्टिकल पढ़ सकते हैं।
यह कार्यक्रम समाचार प्रकाशकों को Google के समाचार और डिस्कवर प्लेटफॉर्म पर उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री को क्यूरेट करने में सहायता करता है। साथ ही पाठकों को उनकी जरूरत के समाचार से जोड़ता है. बता दें कि कंपनी की यह सर्विस भारत के साथ ही जर्मनी, ब्राजील, कनाडा, फ्रांस, जापान, यूके, ऑस्ट्रेलिया, चेकिया, इटली और अर्जेंटीना सहित कई देशों में उपलब्ध है।



