धान की बालियों से अन्नदाताओं ने किया सीएम भूपेश का स्वागत, जैजैपुर भेंट मुलाकात में किसान नंद कुमार नायक ने संवाद में बताया यह

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज भेंट-मुलाकात अभियान के दौरान सक्ती जिले के जैजैपुर विधानसभा के ग्राम कांशीगढ़ में स्थित माँ चंद्रहासिनी देवी मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे। मुख्यमंत्री ने माँ चंद्रहासिनी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री बघेल ने इस अवसर पर मंदिर परिसर में आम का पौधा भी लगाया।
यहां कांशीगढ़ हेलीपैड में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का गांव की जनता ने धान की बालियों से बनी माला से स्वागत किया। राज्यगीत के साथ कांशीगढ़ भेंट-मुलाकात कार्यक्रम की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम जो भी योजनाएं बनाते हैं, उसका जमीनी क्रियान्वयन देखने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ आपके बीच आया हूं।
उन्होने कहा कि हमने सरकार बनने के बाद सबसे पहले ऋण माफी का फैसला लिया। किसानों के हित में राजीव गांधी किसान न्याय योजना की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीवाली के पहले 17 तारीख को राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की तीसरी किश्त आएगी। त्यौहार मनाने और धान की कटाई के लिए पैसे मिलेंगे, अब तक दो किश्त मिल चुके हैं, तीसरी किश्त दीवाली से पहले आप सभी को मिलेगी।
यहां किसान नंद कुमार नायक ने बताया कि उनका ढाई एकड़ खेत है, 50 हजार का लोन लिया था, वह सरकार द्वारा माफ हो गया है। नंद कुमार ने आगे बताया कि पिताजी का ढाई लाख का लोन माफ हुआ है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना से मिल रहे पैसे से टीवी, मोटरसाइकिल लिया। पत्नी के लिए हार, बच्ची के लिए कपड़े और साइकिल खरीदी है। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को इस योजना के लिए धन्यवाद दिया।
यहां ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि अब बाजार के दिन अगले मंगलवार से कांशीगढ़ में हाट बाजार क्लिनिक लगेगा। उन्होंने इसके लिए कलेक्टर को जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। संवाद के दौरान कांशीगढ़ की बुजुर्ग महिला शकुंतला गोस्वामी ने बताया कि उनके पास जमीन नहीं है, योजना का लाभ भी नहीं मिल रहा है। उनकी समस्या सुनकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हल्का पटवारी को मंच पर बुलाकर योजना के लिए उनकी पात्रता की जांच करने के निर्देश दिए और पात्र होने पर तत्काल उन्हें आवेदन करवाकर योजना से लाभान्वित करने को कहा।
यहां ग्रामीणों द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समक्ष चोरभट्ठी पंचायत स्थित गौठान में अतिक्रमण की शिकायत आने पर मुख्यमंत्री ने एसडीएम सक्ति को 10 दिन में गौठान से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के बारे में आम जनों से संवाद कर फीडबैक लिया।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि हमारी सरकार लोगों के जेब में पैसा डालने का काम कर रही है। सक्ति नया जिला बना है। यहां काफी काम किया जाना है। महिला समूह की सदस्यों ने बताया मुख्यमंत्री को बताया कि वे और भी गतिविधियों से जुड़ना चाहते हैं।जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसलिए हम ग्रामीण औद्योगिक पार्क शुरु कर रहे हैं। शुरुआत में हर ब्लॉक में दो पार्क बना रहे हैं, इसकी संख्या में आगे और बढ़ाएंगे। इसके लिए 600 करोड़ का प्रावधान बजट में किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन गांव में गौठान नहीं बने, वहां जल्द गौठान बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए जा रहे हैं। रोजगार, ग्रामीण स्वास्थ्य को लेकर सरकार लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक कांशीगढ़ में उप-स्वास्थ्य केंद्र नहीं खुल जाता, तब तक यहां हाट बाजार क्लिनिक लगाया जाएगा।



