साईकिल चोरी के आरोप में पुलिस जवान ने 9 के मासूम मारा बुरी तरह, वीडियो सोशल मीडिया में वायरल

जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में एक मासूम बच्चे के साथ वहशियाना अंदाज में मारपीट का मामला सामने आया है. मासूम बच्चे के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूटर पर सवार दो शख्स, एक घर के किनारे खड़े एक बच्चे तक पहुंचते हैं और उसके साथ बुरी तरह मारपीट करते हैं. वहीं पड़ोसी बच्चे को बचाने की कोशिश करते हैं तो उनके साथ भी मारपीट की कोशिश की जाती है. फिर बच्चे को जानवरों की तरह पीटते हुए अगवा कर कहीं ले जाया जाता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रांझी थाना क्षेत्र के मस्ताना चौक के पास घटनास्थल के नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरे में ये पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है. ये फुटेज 12 अगस्त की दोपहर करीब 1 बजे की है. बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाला आरोपी एसएएफ की छठवीं बटालियन में पदस्थ है, जिसने साइकिल चोरी के शक में मासूम बच्चे के साथ मारपीट की इस घटना को अंजाम दिया।
बहरहाल बच्चे के साथ हुई मारपीट की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस के आलाधिकारी हरकत में हैं. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस वीडियो सहित पूरे मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद मारपीट के आरोपियों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जबलपुर एएसपी प्रदीप शेंडे ने मीडिया को बताया कि सोशल मीडिया में एक बच्चे के साथ मारपीट करने का वीडियो वायरल होने पर पुलिस अधीक्षक जबलपुर ने मामले का संज्ञान लिया और 6वीं वाहिनी वि.स. बल जबलपुर में पदस्थ आरक्षक अशोक थापा के विरूद्ध थाना रांझी में प्रकरण दर्ज किया गया है. 9 साल के बच्चे पर 6वीं वाहिनी आवासीय कैम्पस से एक छोटी साइकिल चुराकर ले जाने का आरोप था. परिजनों ने सूचना दी तो अशोक थापा ने उसे मस्ताना चौक के पास गली में पकड़ा और बुरी तरह मारपीट की।
मामले में 6वीं वाहिनी के स्पेशल ऑर्म फोर्स में पदस्थ कॉन्सटेबल अशोक थापा के विरूद्ध थाना रांझी में अपराध क्रमांक 766/2022 धारा 294, 323, भादवि एवं धारा 75 किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम 2015 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
एक साइकिल चोरी करने का प्रयास कर रहे 9 साल के लड़के को कुछ लोगों ने चोरी करते हुए पकड़ा और उसे पीटा। उसे पीटने के बाद थाना लेकर आए। 9 वर्षीय लड़के को पीटने के आरोप में अशोक थापा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज़ किया गया है: SP सिद्धार्थ बहुगुणा, जबलपुर, म.प्र.(13.08) pic.twitter.com/fYqK1ne1v9
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 14, 2022
लेटेस्ट ब्रेकिंग न्यूज, वायरल ट्रेंड और सोशल मीडिया की दुनिया से जुड़ी सभी खबरें. आपको ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर वायरल होने वाले हर कंटेंट की सीधी जानकारी उपलब्ध करायी जाएगी. ऊपर दिखाया गया पोस्ट अनएडिटेड कंटेंट है, जिसे सीधे सोशल मीडिया यूजर्स के अकाउंट से लिया गया है. Cgtop36 स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है. सोशल मीडिया पोस्ट Cgtop36 के विचारों और भावनाओं का प्रतिनिधित्व नहीं करता है, हम इस पोस्ट में मौजूद किसी भी कंटेंट के लिए कोई जिम्मेदारी या दायित्व स्वीकार नहीं करते हैं.




