इन त्योहारों में आने वाली है धमाकेदार सेल की बरसात, कंपनियां ग्राहकों को रिझाने की तैयारी में
कंज्यूमर गुड्स से लेकर गारमेंट, फोन व कार के डीलर तक त्योहारों के दौरान बिक्री में बढ़ोतरी की आस लगाए हैं। कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स एंड अप्लायंसेज मैन्यूफैक्चरर्स एसोसिएशन (CEAMA) के मुताबिक त्योहारी सीजन के दौरान कंज्यूमर उत्पादों की बिक्री में दहाई अंक में बढ़ोतरी हो सकती है। अगस्त में ओणम के दौरान बिक्री में बढ़ोतरी के संकेत मिले भी हैं। कंज्यूमर उत्पादों की बिक्री करने वाले बड़े रिटेल स्टोर के मुताबिक त्योहारी सीजन में ग्राहकों को पिछले साल के मुकाबले बढ़ी हुई कीमत नहीं देनी होगी।
टीवी के पैनल सेल पर आयात शुल्क में पांच फीसद की बढ़ोतरी से लागत थोड़ी बढ़ेगी, लेकिन कोरोना को देखते हुए कंपनियां इस लागत को अपने स्तर पर झेल सकती हैं।
वीवो इंडिया के हेड ऑफ मार्केटिंग स्ट्रेटजी निपुण मार्या ने बताया कि त्योहारी सीजन में निश्चित रूप से बिक्री में बढ़ोतरी होगी, लेकिन मोबाइल फोन की कीमत में कोई इजाफा नहीं होगा। सितंबर आखिर से लेकर अक्टूबर के दूसरे सप्ताह तक कई कंपनियां नए मोबाइल फोन बाजार में लाने जा रही हैं।
गारमेंट विक्रेताओं ने सेल की शुरुआत कर दी है और वे 30 से 50 प्रतिशत कम कीमत पर गर्मी के कपड़े बेच रही हैं। क्लॉथ मैन्यूफैक्चरिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी मोहन सदवानी ने बताया कि मार्च में गारमेंट विक्रेता गर्मी के कपड़े मंगाते हैं। इस बार देश में मार्च के आखिर में ही लॉकडाउन लग गया। इस कारण सितंबर से गारमेंट की बिक्री शुरू हुई है और अक्टूबर में त्योहार की वजह से बिक्री जोर पकड़ सकती है।
कार डीलरों के मुताबिक नवरात्र के दौरान कारों की खरीदारी पर विशेष छूट मिल सकती है। डीलरों ने बताया कि कोरोना की वजह से प्रभावित बिक्री को प्रोत्साहित करने के लिए कई कंपनियां पहले से ही कई तरह के ऑफर दे रही हैं। नवरात्र के दौरान कीमतों में 20 से 50 हजार तक की अतिरिक्त छूट मिल सकती है।




