देश विदेशमध्यप्रदेश

30 लाख छाप डाले मामा भांजे ने मिलकर, 4 लाख खपा भी दिया बाजार में, नकली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश

खरगोन जिले में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड किया है। पुलिस की टीम ने गैंग के 6 लोगों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से 30 लाख 65 हजार के नकली नोट बरामद हुए है। बताया जा रहा है कि तस्करों के पास से 2000 और 500 के हूबहू नोट मिले है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अब तक चार लाख से अधिक नकली नोट बाजार में चला चुके हैं।

पूरे मामले में खरगोन जिले के एसपी शैलेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिले के बलकवाडा थाना क्षेत्र में सिंगाजी मंदिर के पास पांच लोग भारी मात्रा में रुपयों का लेन-देन कर रहे हैं। जिसके बाद एसपी ने एक टीम घटित करके मौके पर भेजी, नोट गिन रहे लोगों ने जैसे ही पुलिस टीम को आते देखा तो उन्होंने भागने का प्रयास किया। जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी जितेंद्र, संजय सिंह जोगी, साहिल पवार, नरेंद्र पवार, अमर सिंह और विजय सिंह को पकड़ लिया। पुलिस को इन लोगों के पास से 18 लाख के नकली नोट बरामद हुए।

एसपी सिंह ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने पांचों लोगों से पूछताछ की तो उन्हें गिरोह के मुख्य आरोपी की जानकारी मिली, इंदौर में रहने वाला रतनलाल तोमर नकली नोट छापने और चलाने वाले गिरोह को संचालित कर रहा था। पुलिस ने उसे इंदौर के तलावली थाना क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। जिसके पास से करीब 4 लाख 65 हजार के नकली नोट मिले।

इसके अलावा पुलिस ने आगर में रहने वाले रतनलाल नामक शख्स के भांजे के घर से नकली नोट बनाने के दो प्रिंटर, कागज, कटर भी जब्त किया है। जिसका इस्तेमाल ये लोग नकली नोट बनाने में करते थे, बताया जा रहा है कि इस गिरोह को मामा-भांजे मिलकर चलाते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button