अबू धाबी स्थित शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम में कल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में हैदराबाद ने बैंगलौर को छह विकेट से मात देते हुए क्वालीफायर मुकाबले में प्रवेश कर लिया है. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर द्वारा दिए गए 132 रनों के लक्ष्य को हैदराबाद की टीम ने 19.4 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर प्राप्त कर लिया. टीम के लिए मध्यक्रम के अनुभवी बल्लेबाज केन विलियमसन ने 44 गेंद में नाबाद 50 रन की सर्वाधिक अर्धशतकीय पारी खेली. विलियमसन ने अपनी इस शानदार पारी के दौरान दो चौके और दो छक्के लगाए।
केन विलियमसन के अलावा सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के लिए कप्तान डेविड वॉर्नर ने 17 गेंद में तीन चौके की मदद से 17, विकेटकीपर खिलाड़ी श्रीवत्स गोस्वामी ने तीन गेंद में शून्य, मनीष पांडे ने 21 गेंद में तीन चौके और एक छक्का की मदद से 24, प्रीयम गर्ग ने 14 गेंद में सात और जेसन होल्डर ने 20 गेंद में तीन चौके की मदद से नाबाद 24 रन की पारी खेली।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर के लिए तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने अपने चार ओवरों के स्पेल में 28 रन खर्च करते हुए दो सफलता प्राप्त की. सिराज ने सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर और श्रीवत्स गोस्वामी को पवेलियन का रास्ता दिखाया. सिराज के अलावा टीम के लिए एडम जाम्पा और युजवेंद्र चहल ने क्रमशः एक-एक सफलता प्राप्त की. जाम्पा ने अपने 4 ओवरों के स्पेल में जहां 12 रन खर्च किए, वहीं चहल ने 24 रन दिए।



