शक्ति बाण लगा लक्ष्मण को, राम हैं व्याकुल, शूटिंग से पहले रामानंद सागर दिलाते थे उन्हें हर बार गुस्सा, जानिए क्यों
दूरदर्शन पर रामायण का प्रसारण किया जा रहा है। दोबारा प्रसारण में भी धारावाहिक दर्शकों का ख़ूब प्यार पा रहा है। रेटिंग्स के मामले में इसने कई शोज़ को पीछे छोड़ दिया है। वहीं डीडी नेशनल भी नम्बर वन चैनल बन गया है। रामायण के दोबारा प्रसारण से इससे जुड़ी कई दिलचस्प कहानियां भी सतह पर आ गयी हैं, जिनके बारे में कम ही लोग जानते होंगे।
रामायण में लक्ष्मण का किरदार सुनील लहरी ने निभाया था। रामायण में लक्ष्मण का किरदार बेहद दिलचस्प माना जाता है। आज्ञाकारी और बड़े भाई के लिए पूरी तरह समर्पित लक्ष्मण को अपने तीखे गुस्से के लिए भी पहचाना जाता है। लक्ष्मण के किरदार के लिए सुनील लहरी को ऐसे ही भावों को उभारना था। आजतक की रिपोर्ट में सुनील लहरी के हवाले से बताया गया है कि उनके किरदार की कामयाबी का सारा श्रेय निर्देशक रामानंद सागर को जाता है, जिन्होंने उनकी चरित्र की ख़ूबियों को उभारने में मदद की।

इस इंटरव्यू में सुनील बताते हैं कि रामानंद सागर कई बार शूट में इतना खो जाते थे कि लंच ब्रेक भूल जाते थे। उस वक़्त यंग होने की वजह से सुनील को लंच मिस होने पर बहुत गुस्सा आता था और रामानंद सागर उनके इस गुस्से को शूटिंग के दौरान भुनाते थे। सुनील कहते हैं कि रामानंद सागर उन्हें जानबूझकर गुस्सा दिलाते थे, ताकि सीन में लक्ष्मण के किरदार के लिए उसका इस्तेमाल कर सकें।
रामानंद सागर से खट्टी-मीठी रिलेशनशिप होने की वजह से वो सुनील को अपना छठा बेटा कहते थे। द कपिल शर्मा शो में कुछ दिन पहले आये सुनील ने बताया था कि उन्हें लक्ष्मण का किरदार कैसे मिला। सुनील ने विक्रम और बेताल में काम किया था। रामानंद सागर लक्ष्मण के लिए एक एक्टर को फाइनल कर चुके थे, जो सुनील के दोस्त थे। मगर किसी वजह से उन्होंने लक्ष्मण का किरदार निभाने से इंकार कर दिया था। इसके बाद रामानंद सागर ने उन्हें लक्ष्मण के लिए चुन लिया।



