साल 2020 ऐसा जाएगा किसी ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा, जानिए कैसा रहा बॉलीवुड का ये साल
साल 2020 ऐसा जाएगा किसी ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा. कोरोना महामारी के चलते दुनियाभर के लोगों के लिए यह साल मुश्किलों भरा था. इस साल लोगों ने अपनों को मरते देखा, बिछड़ते देखा, बॉलीवुड में भी कोरोना काल में काफी हलचल देखने को मिली।
इस साल इंडस्ट्री के तौर पर बॉलीवुड ने काफी उतार-चढ़ाव देखे. सिनेमाघर बंद होने की वजह से कई फिल्मों की रिलीज टल गई तो कई प्रोजेक्ट भी डिले हो गए. ऐसे में सिनेमा के दीवानों को अपने फेवरेट एक्टर्स के दीदार भी नहीं हो पाए. आज हम आपको बता रहे हैं उन एक्टर्स के बारे में, जो 2020 में एक भी फिल्म में नजर नहीं आए-
आमिर खान (Aamir Khan)
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान (Aamir Khan) इस साल अपनी फिल्म लाल सिंह चड्ढा के साथ पर्दे पर नजर आने वाले थे. इस फिल्म की शूटिंग कोरोना वायरस की वजह से लगे लॉकडाउन के चलते रुक गई थी. इसके बाद वो समय पर पूरी नहीं हो पाई और इसलिए फिल्म की रिलीज को आगे बढ़ा दिया गया. अब लाल सिंह चड्ढा क्रिसमस 2021 को रिलीज होगी.
अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma)
अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) को पिछली बार साल 2018 में आई फिल्म जीरो में देखा गया था. इसके बाद से अनुष्का ने किसी फिल्म को साइन नहीं किया है. हालांकि वह अपने प्रोडक्शन हाउस तले कई बढ़िया प्रोजेक्ट्स बना रही हैं. 2020 की सबसे बेहतरीन वेब सीरीज में से एक पाताल लोक, अनुष्का ने प्रोड्यूस की थी. इसके अलावा नेटफ्लिक्स की फिल्म बुलबुल का निर्माण भी उन्होंने ही किया था. इन दिनों अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) अपनी प्रेग्नेंसी और सेहत पर ध्यान दे रही हैं. उन्होंने हाल ही में बताया है कि वह अपने पहले बच्चे के जन्म के बाद काम पर वापस लौटेंगी.
कैटरीना कैफ (Katrina Kaif)
कैटरीना कैफ (Katrina Kaif) इस साल अक्षय कुमार संग फिल्म सूर्यवंशी में नजर आने वाली थीं. लेकिन अफसोस ऐसा नहीं हुआ. डायरेक्टर रोहित शेट्टी ने इस फिल्म को अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज करने का फैसला लिया. इसके अलावा कटरीना का कोई और प्रोजेक्ट भी इस साल रिलीज नहीं हुआ.
शाहरुख खान (Shahrukh Khan)
2018 में फिल्म जीरो की असफलता के बाद से शाहरुख खान (Shahrukh Khan) ने किसी फिल्म को साइन नहीं किया है. फैंस बॉलीवुड के बादशाह की वापसी का इंतजार कर रहे हैं. इस साल शाहरुख के कई प्रोजेक्ट्स को लेकर अनुमान लगाए लेकिन वह एक भी फिल्म में ना नजर आए और ना ही उन्होंने किसी नए प्रोजेक्ट का ऐलान किया. बताया जा रहा है कि शाहरुख, यशराज की फिल्म पठान में जल्द नजर आ सकते हैं. लेकिन इसका औपचारिक ऐलान अभी तक नहीं हुआ है.
रानी मुखर्जी (Rani Mukerji)
रानी मुखर्जी (Rani Mukerji) की फिल्म बंटी और बबली 2 जून 2020 में रिलीज होना था. लेकिन कोरोना वायरस के चलते इस फिल्म की शूटिंग पूरी नहीं हो पाई. सिनेमाघरों के बंद होने की वजह से इसकी रिलीज को आगे बढ़ा दिया गया. ऐसे में रानी मुखर्जी (Rani Mukerji) को पर्दे पर देखने का मौका दर्शकों के हाथ से निकल गया.
रणवीर सिंह (Ranveer Singh)
रणवीर सिंह (Ranveer Singh) की फिल्म 83 का इंतजार सभी को बेसब्री से था. 10 अप्रैल 2020 को इस स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज होने था, जो कि कोरोना वायरस की वजह से नहीं हुआ. रणवीर की फिल्म जयेशभाई जोरदार भी इस साल रिलीज नहीं हुई. ऐसे में फैंस को रणवीर को पर्दे पर देखने का मौका नहीं मिला.
सलमान खान (Salman khan)
2020 शायद ऐसा पहला साल है जब सलमान खान (Salman khan) की कोई भी फिल्म पूरे साल रिलीज नहीं हुई. सल्लू की फिल्म राधे: योर मोस्ट वॉन्टेड भाई को ईद 2020 को रिलीज होना था, जो कोरोना की वजह से नहीं हो पाया. इस फिल्म की शूटिंग खत्म हो गई है, लेकिन पोस्ट प्रोडक्शन का सिलसिला अभी भी जारी है. यह रिलीज कब होगी इसके बारे में कोई ऐलान नहीं हुआ है.




