बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद के घर समेत 6 जगहों पर आयकर विभाग का छापा, घर पर कई बड़े आयकर अधिकारी मौजूद

बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद के घर पर आयकर विभाग का सर्वे हो रहा है. जानकारी के मुताबिक इस वक्त सोनू सूद के घर पर आयकर विभाग के कई बड़े अधिकारी मौजूद हैं. जानकारी के मुताबिक मुंबई में मौजूद सोनू सूद से जुड़ी कुल 6 जगहों पर इनकम टैक्स का सर्वे चल रहा है. गौरतलब है कि ये सर्वे दिल्ली सरकार द्वारा सोनू सूद को मेंटरशिप प्रोग्राम का ब्रांड एम्बेसडर बनाए जाने के बाद शुरू हुआ है.
लॉकडाउन के दौरान लाखों लोगों को उनके घरों तक पहुंचने में मदद कर चुके सोनू सूद रियल लाइफ मसीहा कहे जाने लगे हैं. पहले लॉकडाउन के बाद से लेकर अभी तक सोनू सूद लगातार लोगों की मदद करते रहे हैं. एक्टर से सोशल मीडिया अकाउंट पर रह रोज बेहिसाब मैसेज आते हैं. जहां तक वर्क फ्रंट की बात है तो कोविड के बाद से सोनू की डिमांग और गुड विल कई गुना बेहतर हुई है.
संयुक्त राष्ट्र ने किया था सोनू का सम्मान
48 साल के सोनू हिन्दी, तेलुगु, कन्नड़ और तमिल फिल्मों में काम कर रहे हैं। जल्द ही वो एक पीरियड ड्रामा पृथ्वीराज में दिखाई देंगे। इसके अलावा वे तेलुगु एक्शन-ड्रामा आचार्य में भी काम कर रहे हैं। सितंबर 2020 में सूद को कोरोना महामारी के दौरान उनके मानवीय कार्यों के लिए संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) ने 2020 SDG स्पेशल ह्यूमैनिटेरियन एक्शन अवॉर्ड दिया था। फिलहाल वे देश के हर खास-ओ-आम की मदद के लिए सूद चैरिटी फाउंडेशन चला रहे हैं।




