मनोरंजन

Happy birthday Kishore Da : ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन पर किशोर कुमार के गानों को बैन कर दिया गया था, जानिए जन्मदिन पर 10 बड़ी बातें

बॉलीवुड के सदाबहार सिंगर-एक्टर किशोर कुमार (Kishore Kumar) का आज जन्मदिन है। 4 अगस्त, 1929 को उनका जन्म मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में हुआ था। बचपन में उनका नाम आभास कुमार गांगुली था। उनके पिता कुंजीलाल गांगुली मशहूर वकील थे। आज भले ही किशोर कुमार हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज का जादू हमारे बीच आज भी बरकरार है। किशोर दा के जन्मदिन पर जानिए उनसे जुड़ी 10 खास बातें…

1- आप जानकर हैरान रह जाएंगे कि किशोर कुमार ने सिर्फ राजेश खन्ना के लिए ही 245 गाने गाए थे। इसके बाद उन्होंने जितेंद्र, देव आनंद और अमिताभ बच्चन के लिए क्रमशः सर्वाधिक गाने गाए।

2- हाफ टिकट फिल्म में किशोर कुमार ने महिला और पुरुष दोनों की आवाजों में खुद गाना गाया था। इस गाने का टाइटल ‘आके सीधी लगी दिल पे’ था।

3- भारत में इमरजेंसी के दौरान मुंबई में कांग्रेस की रैली होनी थी। इस रैली में किशोर कुमार से गाने को कहा गया, लेकिन उन्होंने इससे इंकार कर दिया। जिसके बाद इमरजेंसी रहने तक ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन पर किशोर कुमार के गानों को बैन कर दिया गया था।

4- किशोर कुमार ने चार शादी की थीं। उनकी पहली पत्नी का नाम रूमा गुहा ठाकुरता था। मधुबाला उनकी दूसरी पत्नी थीं। अभिनेत्री योगिता बाली उनकी तीसरी पत्नी थीं। किशोर कुमार की चौथी पत्नी लीना चंद्रावरकर थीं।

5- किशोर कुमार की तीसरी पत्नी योगिता बाली थीं। उनसे अलग होने के बाद योगिता ने मिथुन चक्रवर्ती से शादी कर ली थी। जिसके बाद किशोर कुमार ने मिथुन के लिए गाने गाना बंद कर दिया था।

6- किशोर कुमार के मस्तमौला अंदाज से तो सभी वाकिफ हैं। मुंबई में अपने फ्लैट के बाहर उन्होंने बोर्ड लगाया था, ‘किशोर से सावधान।’ एक बार फिल्ममेकर राहुल रवैल के पिता एचएस रवैल किशोर कुमार के घर उनके पैसे लौटाने गए थे। पैसे देने के बाद जब रवैल ने उनसे हाथ मिलाना चाहा, तो किशोर कुमार ने उनका हाथ अपने मुंह में डाल लिया। एचएस रवैल ने पूछा कि वह ये क्या कर रहे हैं, तो किशोर कुमार बोले, ‘आपने बाहर बोर्ड नहीं पढ़ा क्या?’

7- किशोर कुमार ‘काम के बदले दाम’ नियम को लेकर काफी सख्त थे। उनका मानना था कि पैसे नहीं तो काम नहीं। एक बार फिल्म के सेट पर उन्होंने अपने चेहरे पर आधा मेकअप कराया। दरअसल प्रोड्यूसर ने उन्हें पूरे पैसे नहीं दिए थे। डायरेक्टर ने जब किशोर से इस बारे में पूछा तो वह बोले, ‘आधा पैसा तो आधा मेकअप।’

8- फिल्ममेकर ऋषिकेश मुखर्जी ने आनंद फिल्म किशोर कुमार और महमूद के साथ बनाने का प्लान किया था। फिल्म के बारे में बातचीत करने के लिए जब वह किशोर कुमार के घर गए, तो अभिनेता के गार्ड ने उन्हें एक गलतफहमी के चलते घर के अंदर नहीं जाने दिया। दरअसल किशोर कुमार को एक स्टेज शो के पैसे नहीं मिले थे, जिसे एक बंगाली ने आयोजित किया था। उन्होंने अपने गार्ड को बोला था कि अगर वह बंगाली उनके घर के पास दिखता है, तो उसे वापस भेज देना। ऋषिकेश मुखर्जी ने बाद में आनंद फिल्म अमिताभ बच्चन और राजेश खन्ना के साथ बनाई थी।

9- फिल्मी दुनिया में इतने मशहूर होने के बावजूद किशोर कुमार के दोस्त नहीं थे। कहा जाता है कि वह अक्सर पेड़ों से बातें किया करते थे। एक बार एक महिला रिपोर्टर को अपने पेड़ों से मिलाने के लिए वह उन्हें अपने बगीचे में ले गए थे।

10- किशोर कुमार का मशहूर गीत ‘5 रुपैया 12 आना’ उनके कर्ज पर आधारित था। इंदौर स्थित कॉलेज की कैंटीन में उनके ऊपर 5.75 रुपये उधार थे। इसी से प्रेरित होकर उन्होंने यह गाना तैयार किया था। किशोर कुमार सिंगर और म्यूजिक कंपोजर बप्पी लहरी के चाचा थे।

Related Articles

Back to top button