झारखण्ड

Jharkhand political Crisis – तीन वॉल्वो बसों में कुल 41 विधायकों के साथ सीएम हेमंत सोरेन हुवे रवाना, छग आने की अटकलें तेज, एक होटल की बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था |


झारखंड के विधायक रांची से रवाना हुए। तीन वॉल्वो बसों में कुल 41 विधायकों के साथ सीएम हेमंत सोरेन भी मौजूद हैं। उन्होंने विधायकों के साथ सेल्फी भी ली। रांची से सफर शुरू हो चुका है। सियासी उथल-पुथल के बीच यूपीए खेमा अपने विधायकों को एकजुट रखने में जुटा है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम), कांग्रेस और आरजेडी के सभी विधायकों को रांची से बाहर खूंटी ले जाया गया। खूंटी में लतरातू डैम पर बना रिजॉर्ट में हेमंत सोरेन ने समर्थक विधायकों के साथ ‘खूंटा’ गाड़ दिया है। इससे पहले सीएम आवास में यूपीए विधायकों की बैठक हुई। विधायकों की गाड़ियों में दो-दो बैग भी दिखे।

मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार के क्राइसिस मैनेजरों ने दो-तीन पहले ही इसकी तैयारी पूरी कर ली थी। कोलकाता की एक कंपनी से दो वॉल्वो बस को बुक करा लिया गया था। वहीं, सभी विधायकों को रांची से बाहर जाने की तैयारी करने का निर्देश दे दिया गया था।

इस संबंध में शुक्रवार सुबह से ही ये चर्चा जोरों पर थी कि जेएमएम-कांग्रेस विधायकों को झारखंड से बाहर ले जाया जाएगा। लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर से लेकर विधायक दल के नेता आलमगीर आलम समेत अन्य नेताओं ने इसका खंडन किया था। सभी विधायकों के एकजुट होने की बात कह रहे थे। किसी को बाहर ले जाने की बात से इंकार कर रहे थे।

बता दें कि सभी विधायकों को रांची से बाहर ले जाने की तैयारी पहले से चल रही थी। इसकी पटकथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के 10 अगस्त को रांची दौरे वक्त तैयार कर ली गई थी। देर रात 2 बजे से सरकार के संकट मोचकों ने यूपीए के सभी विधायकों के घर दस्तक देना शुरू किया और कई विधायकों को वॉल्वो बस के लिए तैयार रहने को कहा गया। उन्हें किस रिसॉर्ट में ठहराया जाएगा, इसकी सूचना अभी गुप्त रखी गई। पूरी सतर्कता के साथ ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।

विधायकों को झारखंड से बाहर शिफ्ट करने के ऑपरेशन को हेमंत सोरेन के करीबी रणनीतिकारों ने बड़े ही गोपनीय ढंग से अंजाम दिया। कई विधायकों को आधी रात में उनके घर से पिकअप किया गया और कड़ी सुरक्षा के बीच शिफ्ट किया गया। खबर किसी तरह से लीक ना हो, इसे लेकर बस के चालक और अन्य कर्मियों का मोबाइल तक बंद करा दिया गया।





Related Articles

Back to top button