महिला के मुंह पर उड़ाया सिगरेट का धुवां, इतना बढ़ा विवाद की पीट पीटकर की हत्या |

दुर्ग के बघेरा में एक युवक को सिगरेट का धुआं दुकान में बैठी महिला के मुंह पर छोड़ना भारी पड़ गया. महिला ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया. इसके बाद उस युवक को मोहल्ले के 5 से 6 लड़कों ने पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई. शव को मोर्चरी में रखवाया. इस घटना में शामिल सभी 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक शनिवार रात को पुलिस सूचना मिली थी कि प्रेम उर्फ रॉकी नाम के लड़के को बघेरा दुर्ग में कुछ लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला और शव को नाली में फेंक दिया. सूचना पर एसएसपी ने टीम गठित कर मौके पर भेजी. पुलिस ने देखा कि बघेरा रोड किनारे नाली में एक युवक का शव पड़ा है. जिसके चेहरे, सिर और सीने में चोट के निशान थे. पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी.
पुलिस ने बताया कि ग्राम बघेरा के पप्पू किराना स्टोर के पास सिगरेट पीने की बात को लेकर आरोपी रघुनाथ मंडावी, भूपेश साहू, अविनाश उर्फ बउवा मंडावी, चंद्रकांत उर्फ चिन्टू ठाकुर, आकाश मंडावी और एक नाबालिग ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर युवक की हत्या कर दी.
इस मामले के नामजद आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने 3 टीमें तैयार की. एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे बरामद कर लिए. मृतक प्रेम मंडल पंचशील नगर दुर्ग का रहने वाला था. वह 2 साल पहले हुई एक हत्या के मामले में आरोपी था.
सीएसपी दुर्ग मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि बघेरा में एक बॉडी मिली थी. जांच के दौरान यह बात सामने आई कि मृतक के साथ मारपीट की गई थी. मारपीट के दौरान ही उसकी मौत हुई है. इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है. युवक वहां सिगरेट पीने गया था. सिगरेट पीने के दौरान वह एक महिला के मुंह पर सिगरेट का धुआं उड़ा रहा था. जिस पर महिला ने आपत्ति जताई. इसी बात को लेकर विवाद हुआ.
महिला के परिजनों ने मना किया. लेकिन युवक महिला के साथ मारपीट करने लगा. जिस पर मोहल्ले के युवकों ने उसे वापस भेज दिया था. बाद में जब तक वह फिर से वापस आया और गाली गलौज करने लगा तो मोहल्ले के लड़कों ने उसके साथ मारपीट कर दी.




