जब छलक पड़े सीएम भूपेश बघेल की आंखों में आंसू, बोलते बोलते बीच में छोड़ा भाषण – cgtop36.com

बेहद सख्त प्रशासक के रूप में छवि गढ़ने वाले सीएम भूपेश बघेल की आंखों में आंसू देखकर लोग भी भावुक हो गए। सीएम बघेल कांग्रेस नेता व डीएलएस कॉलेज के संचालक स्व. बसंत शर्मा की मूर्ति का अनावरण करने पहुंचे थे। उन्होंने जब बोलना शुरू किया तो गला रुंध गया, आंखों में आंसू आ गए। भाषण भी पूरा नहीं कर पाए। सीएम ने सीपत रोड से चांटीडीह रोड का नाम स्व. शर्मा के नाम पर करने का ऐलान किया।
बसंत शर्मा की पुण्यतिथि पर आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे सीएम बघेल ने कहा कि यह बेहद भावुक समय है। हमसे उम्र में छोटे बसंत शर्मा की प्रतिमा का अनावरण करते हुए मन भारी हो रहा है। स्व. शर्मा सहज, सरल और प्रगतिशील व्यक्तित्व के धनी थे। वे अपने विचारों पर अडिग रहने वाले थे। कॉलेज में संकट आने पर भी वह कभी झुके नहीं। उन्होंने कहा कि यह बेहद भावुक क्षण है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी ने हम सभी को बहुत नुकसान पहंुचाया है। स्व. शर्मा को बिलासपुर के लोगों से बहुत लगाव था। उनकी मृत्यु शर्मा परिवार, महाविद्यालय और पूरे बिलासपुर के लिए अपूरणीय क्षति है। राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि स्व. बसंत शर्मा ने समाज और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। बिलासपुर क्षेत्र के विकास में योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।




