दुखद: मां की गलती से अनजाने में चली गई बेटे की जान, रायपुर की घटना
घर के सामने खड़ी कार से चाबी निकालने के दौरान कार स्टार्ट हो गई और सामने खड़े बच्चे के ऊपर जा चढ़ी
राजधानी रायपुर में मां के अनजाने पन की वजह से उसके बेटे की जान चली गयी। असल में घर के सामने खड़ी कार से चाबी निकालने के दौरान कार स्टार्ट हो गई और सामने खड़े बच्चे के ऊपर जा चढ़ी। आनन फानन में गंभीर रूप से घायल बच्चे को हॉस्पिटल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान अस्पताल में मासूम ने दम तोड़ दिया।
मिली जानकरी के अनुसार गुढ़ियारी कृष्णा नगर निवासी अरुण ध्रुववंशी के घर के पास उनकी अपनी ही बोलेरो वाहन खड़ी थी, गाड़ी में चाबी लगी रह गई थी, जिसे निकालने उसकी पत्नी सरिता ध्रुववंशी बाहर आई, चाबी निकालते समय अचानक बोलेरो चालू हो गई और गियर लगे होने की वजह से सामने की ओर दौड़ पड़ी।
सामने खड़े 8 वर्षीय बेटे अनुराग ध्रुववंशी को गाडी ने अपने चपेट में ले लिया। हादसे में बच्चे को गंभीर रूप से चोटें आई। बच्चे को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अपने बच्चे को खो देने से मां सदमे में है। पुलिस ने मां के विरूद्ध गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।




