मजदूरों को लेकर पहली ट्रेन पहुंची छत्तीसगढ़, बिलासपुर से सभी भेजे जायेंगे क्वारटाईन सेंटर
छत्तीसगढ़ में आज गुजरात से यात्रियों को लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन बिलासपुर पहुंच गई है। बता दें कि श्रमिक स्पेशल ट्रेन बिलासपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर आने के बाद ट्रेन में सवार छत्तीसगढ़ के प्रवासी श्रमिक, छात्र एवं अन्य बिलासपुर पहुंचे हैं।
बिलासपुर स्टेशन पर जिला प्रशासन ने इसके लिए इंतजाम कर रखे थे। यहां पहुंचे सभी का स्वास्थ्य परीक्षण एवं मेडिकल स्क्रीनिंग के बाद ही क्वारंटाइन सेंटर के लिए इन्हे रवाना किया जाएगा। गौरतलब है कि यह ट्रेन अहमदाबाद, गोधरा, रतलाम, बीना, कटनी व पेंड्रा रोड होते हुए बिलासपुर पहुंची है।
छत्तीसगढ़ से इस ट्रेन में मुंगेली जिले के 20, जांजगीर के 53 और दुर्ग जिले से 11 लोग शामिल हैं। वहीं बिलासपुर जिले के लिए 60 बसों की व्यवस्था की गई है। ट्रेन से बाहर आते ही सभी को हैंड सेनेटाइजर व फेस मास्क दिया गया। सभी का स्वास्थ्य परीक्षण एवं मेडिकल स्क्रीनिंग किया जा रहा है तत्पश्चात क्वारेंटाइन सेंटर के लिए रवाना किया जाएगा।



