10 – 10 के सिक्के लेकर नामांकन फार्म खरीदने पहुंचा प्रत्याशी, अधिकारियों ने सिक्के लेने से किया इंकार, रायपुर कलेक्ट्रेट में दे रहे अब धरना

10 रूपए के सिक्कों को लेकर रायपुर कलेक्ट्रेट में खुलेआम नकारा जा रहा है. इतना ही नहीं हालात ये हैं कि राजधानी रायपुर में ऑटो वाले से लेकर कोई भी पानठेला, चाय टपरी या दुकान वाला 10 के सिक्के नहीं लेता, जबकि रायपुर से लगे दूसरे शहरों में 10 का सिक्का धड़ल्ले से चल रहा है।
दरअसल रायपुर में एक निर्दलीय प्रत्याशी शंकर लाल वरणदानी 10-10 के एक हजार सिक्के लेकर नामांकन फार्म लेने कलेक्ट्रेट पहुंच गए और निर्वाचन अधिकारीयों ने 10 के सिक्के नहीं चलते कह कर प्रत्याशी को लौटा दिया. इस बात से नामांकन लेने पहुंचे शंकर लाल वरणदानी क्षुब्ध हो गए।
उनका कहना है कि, मैंने ये सिक्के गरीबों से मांग कर इक्कठे किए हैं. पिछले बार भी निर्दलीय चुनाव लड़ा था, इस बार भी निर्दलीय लडूंगा. इस बार रायपुर उत्तर विधानसभा से चुनाव लड़ना चाहता हूँ.
इधर निर्वाचन अधिकारियों का कहना है कि 10 के सिक्के एक बार में 1,000 रुपए तक ही लिए जाएंगे. बावजूद इसके निर्दलीय नेता जिद पर अड़े हैं कि वे पूरे 10 के 1 हजार सिक्के ही देंगे. प्रत्याशी ने कहा कि वो चुनाव लड़कर गरीबों की आवाज बनना चाहते हैं. गरीबों से ही सिक्के लिए हैं. गरीबों के पास सिक्के तो है, लेकिन चलते नहीं है, जबकि दूसरे जगहों में ये सिक्के चलते हैं. जब तक निर्वाचन ये सिक्के नहीं लेगा तब वे धरना देंगे. उनका कहना है कि आज तीसरा दिन हैं, आज बस देख लेते हैं फिर निर्वाचन के सामने ही वे अर्धनग्न प्रदर्शन करेंगे।




