गैंगवार से राजनांदगांव शहर में खौफ का माहौल, 3 दिन में ही हो चुकी है 2 हत्याएं, सभी आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव शहर में महज 3 दिनों के भीतर हुए दो हत्या के मामले से पुलिस भी सकते में आ गई और शहर में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए राजनंदगांव पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने ऑपरेशन क्लीन चलाया है।
आदतन बदमाशों की धरपकड़ के लिए ऑपरेशन क्लीन चलाकर अपराधियों का सफाया करने में जुटी पुलिस ने राजनंदगांव जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज निगरानी बदमाश, गुंडा बदमाश, माफी बदमाश और वारंटीओं की धरपकड़ के लिए अपराधियों के घरों व उनके संभावित ठिकानों में दबिश दी। जिसके तहत 2 दिनों में पुलिस ने 124 आपराधिक प्रवृत्तियों के लोगों को पकड़ा है। पुलिस की पकड़ में आए इन 124 आदतन बदमाशों में से 15 लोगों के पास हथियार मिले हैं, जिनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं बाकी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर इन बदमाशों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। इस मामले में राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक डी.श्रवण ने कहा है कि शहर में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए आदतन बदमाशों की गिरफ्तारी की गई है, इसके लिए ऑपरेशन क्लीन चलाया जा रहा है।
राजनांदगांव शहर में गैंगवार के चलते हुई हत्या की वारदात को देखते हुए लोगों में दहशत का माहौल बन गया है, वही पुलिस भी 3 दिनों के भीतर हुए इस दोहरे हत्याकांड व दो अन्य लोगों पर हुए जानलेवा हमले से शहर में शांति व्यवस्था कायम के लिए इन निगरानी बदमाशों की धरपकड़ शुरू की है। राजनंदगांव पुलिस ने लालबाग थाना क्षेत्र से 35, सोमनी थाना क्षेत्र से 4, चिखली पुलिस चौकी क्षेत्र से 13, बसंतपुर थाना क्षेत्र से 12, सुरगी थाना क्षेत्र से 10 और कोतवाली थाना क्षेत्र से 14 आरोपियों सहित अन्य क्षेत्रों से कुल 124 आरोपियों को पकड़ा है। इन आरोपियों में से पुलिस ने कुछ के पास से तलवार, चाकू सहित अन्य हथियार बरामद किया है। सभी आरोपियों को प्रतिबंधात्मक धाराओं के अलावा अन्य विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन 124 आदतन अपराधियों का कोविड गाईड लाईन के अनुसार कोरोना टेस्ट भी करवाया है। जिसमें से चार निगरानी बदमाश कोरोनावायरस संक्रमित पाए गए हैं, बहरहाल पुलिस ऑपरेशन क्लीन के तहत गुंडे मवालिओं से शहर को साफ रखना चाह रही है। इसके तहत इस तरह का ऑपरेशन चलाया जा रहा है।



