लड़की के चक्कर में 6 महीने पहले ही दे दी थी व्यापारी के हत्या की सुपारी, रायपुर गोलीकांड की गुत्थी सुलझी

लाभांडी में कारोबारी पर गोलीकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इसका मास्टर माइंड कोयला कारोबारी सुनील केडिया (50) है। छह महीने पहले ही सुंदरगढ़ के संतोष सिंह (42) को संदीप जैन को मारने की सुपारी दे दी थी।
इसके बाद संतोष और अमन शर्मा (23) दो बार रायपुर आए और संदीप के घर के आस-पास रेकी भी की, इसके बाद वह वहां से चले गए। इसके बाद अमन को भेजा गया और गोली चलवा दी। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं युवती से दिल्ली में पुलिस की एक टीम ने बयान लिया है। पूरे मामले का राजफाश शुक्रवार को कंट्रोल रूम में एएसपी लखन पटले ने किया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में झारसुगुड़ा निवासी कोयला कारोबारी सुनील केडिया ने बताया कि दिल्ली निवासी एक युवती से उसका संबंध था। उसने दिल्ली के द्वारिका में एक फ्लैट युवती के लिए खरीदा था। इसी बीच सुनील केडिया को पता चला कि युवती की दोस्ती पहले से रायपुर निवासी संदीप जैन से भी है। इस बात से सुनील काफी नाराज हुआ और दिल्ली जाकर युवती से विवाद भी किया। साथ ही युवती को फ्लैट से निकाल दिया और फ्लैट को किसी अन्य व्यक्ति के पास बेच कर वापस ओडिशा आ गया।
Read Also – नए साल में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, उत्तर से आ रही ठंडी हवाएं, जानें कैसा होगा मौसम
दिल्ली वाली युवती ने विवाद के बाद सुनील केडिया का नंबर ब्लाक कर दिया। इस बात से परेशान सुनील अलग-अलग मोबाइल नंबरों से काल कर युवती से बात करने की कोशिश करता रहा। लेकिन युवती उससे बात नहीं करके रायपुर के व्यापरी संदीप जैन से युवती बातचीत करती रही। युवती की बेवफाई से नाराज होकर सुनील ने संदीप को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत उसे एक शूटर की जरूरत थी और उसके लिए उसने अपने परिचित ओडिशा सुंदरगढ़ के संतोष सिंह से संपर्क किया। संतोष ने 10 लाख की सुपारी देकर सुंदरगढ़ से ही अमन शर्मा नाम के शूटर को रायपुर भेजा। आगरा से उसे पिस्टल और कट्टा उपलब्ध करवाया गया।
सुनील केडिया ने संतोष के माध्यम से संदीप जैन को सबक सिखाने और डराने के लिए रायपुर के कुछ बदमाशों से तीन महीने पहले संपर्क किया था। उन्हें हाथ-पैर तोड़ने के लिए कहा गया था। लेकिन पैसे में बात नहीं जमी तो उन्होंने मना कर दिया। संदीप जैन से मिलने रायपुर युवती तीन बार दिल्ली से रायपुर आई थी। यहां वह अलग-अलग होटलों में उससे मुलाकात की, इसके बाद वह वहां से चली जाती थी। यह जानकारी युवती ने पुलिस को अपने बयान में दिया है।




