छत्तीसगढ़

नारायणपुर – बस्तर फाइटर भर्ती का विरोध, नक्सलियों ने सड़क खोदकर मार्ग को रोक – cgtop36.com


नारायणपुर जिले के ओरछा मार्ग पर एक बार फिर नक्सलियों ने बीती रात रायनार के पास डामरीकृत सड़क को खोदकर मार्ग को रोक दिया और बैनर लगाकर बस्तर फाइटर भर्ती का विरोध किया. पिछले एक माह में नक्सलियों ने चार बार सड़क खोदकर रास्ते बंद किए, जो बताता है कि नक्सली इलाके में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर इलाके में दहशत का माहौल बना रहे हैं. नक्सली नारायणपुर ओरछा मार्ग पर ओरछा थाना और धनोरा थाना के बीच बटूगपारा और रायनार के बीच ही सड़क को खोद दिया.

सड़क खोदकर नक्सलियों ने बस्तर फाइटर भर्ती के विरोध में बैनर लगाए हैं. इसके माध्यम से वो युवाओं में भर्ती को लेकर दहशत पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि इलाके के युवा पुलिस में भर्ती ना लें. सड़क बंद के चलते यात्री बसों के पहिए थम जाने से लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते इलाके में व्यवस्था बिगड़ गई है.
नारायणपुर जिले में नक्सलियों का उत्पात लगातार जारी है. इसके पहले हाल ही में 13 अप्रेल को भी इसी तरह की घटना हुई थी. 20 दिनों में ये 5वीं बार माओवादियों ने सड़क बंद की है.

हाल ही में माओवादियों ने सड़क पर पेड़ काटकर गिरा दिया था, जिससे कई घंटों तक मार्ग बाधित रहा था. बाद में सूचना मिलने पर फोर्स के जवानों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ों को हटाया था. मिली जानकारी के मुताबिक ओरछा ब्लाक मुख्यालय को नारायणपुर से जोड़ने वाली सड़क में रायनार और टेकानारा के बीच माओवादियों ने बड़ी संख्या में पेड़ों को काटकर सड़क पर गिराया था.



Related Articles

Back to top button